DDU: सीबीसीएस पैटर्न पर परीक्षा कराने वाला पहला विश्वविद्यालय बना गोरखपुर
महाविद्यालयों के प्रबंधकों के साथ हुई बैठक में बोले कुलपति प्रो. राजेश सिंह, परीक्षा और कक्षा संचालन को लेकर विश्वविद्यालय की योजनाओं की दी जानकारी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, नई शिक्षा नीति के तहत सीबीसीएस पैटर्न पर स्नातक स्तर की परीक्षा कराने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। यह उपलब्धि सभी के सहयोग से प्राप्त हुई है। इसके लिए विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और महाविद्यालयों के प्रबंधक बधाई के पात्र हैं।
ये बातें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने महाविद्यालयों के प्रबंधकों के साथ सोमवार को हुई बैठक के दौरान कहीं। कुलपति ने कहा कि सीबीसीएस पैटर्न में तय समय पर पंजीकरण कराने पर महाविद्यालय फोकस करें। विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित समय सीमा में पंजीकरण न कराने वाला विद्यार्थी न तो परीक्षा फार्म भर पाएगा और न ही प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के समापन के साथ मूल्यांकन की शुरूआत हो चुकी है। बैठक में कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद और वित्त अधिकारी संत प्रसाद ने विचार व्यक्त किए। प्रबंधकों की ओर से स्व-वित्तपोषित महाविद्यालय प्रबंधक महासभा के महामंत्री डॉ. सुधीर कुमार राय ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर कुलपति को बधाई दी। संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजय सिंह और आभार ज्ञापन परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया।
मार्च के पहले सप्ताह से कक्षाएं शुरू होंगी
कुलपति ने कहा कि परिणाम की प्रतीक्षा किए बगैर मार्च के पहले सप्ताह से स्नातक और परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाए। 20 मार्च से द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की वार्षिक परीक्षाएं भी होंगी। ऐसे में द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का आयोजन वार्षिक परीक्षाएं खत्म होने के बाद होगा। प्रैक्टिकल की परीक्षाएं पूर्व की भांति ही होंगी। महाविद्यालय इनका आयोजन कराकर नंबर अपलोड करा दें और इसकी एक कॉपी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को भी उपलब्ध कराएं। ईडीपी सेल और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय इसका सत्यापन कराएगा।