फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Gorakhpur Administration will remove problems arising out of construction of roads and drains

गोरखपुर: सड़क-नालों के निर्माण से उपजी समस्याएं दूर करेगा प्रशासन, कोरोना से धीमी पड़ी सड़कों के निर्माण को गति देने की भी तैयारी

Thu, 24 Jun 2021 09:40 AM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर। Published by: vivek shukla Updated Thu, 24 Jun 2021 09:40 AM IST
सार

कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नगर निगम, बिजली निगम समेत कई विभागों के अफसरों के साथ बैठक की।

विज्ञापन
Gorakhpur Administration will remove problems arising out of construction of roads and drains
गोरखपुर में निर्माणाधीन फोरलेन। (इनसेट में कमिश्नर रवि कुमार एनजी) - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

गोरखपुर शहर एवं उसके आसपास से होते हुए ग्रामीण क्षेत्रों और दूसरे शहरों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण से उत्पन्न हुई समस्या के निस्तारण पर प्रशासन ने जोर दिया है। इनमें कुछ तो लंबे समय से सैकड़ों लोगों के लिए समस्या का सबब बनी हुई हैं। समस्याओं के समाधान के लिए पहले भी आला अफसरों ने पहल की मगर नतीजा बहुत अच्छा नहीं रहा। अफसरों के ट्रांसफर हो गए, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। अब एक बार फिर इन समस्याओं की तरफ नवागत कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने ध्यान दिया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नगर निगम, बिजली निगम समेत कई विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। बिंदुवार एक-एक समस्या पर चर्चा की और उन्हें दुरुस्त करने के लिए टाइमलाइन भी तय की। साथ ही कोरोना की वजह से सुस्त पड़ी सड़कों के निर्माण को गति देने का भी निर्देश दिया।    
विज्ञापन


मेडिकल रोड: मुख्य नाला ऊपर, मोहल्ले की नालियां नीचे, एक सप्ताह की मोहलत
असुरन-मेडिकल कॉलेज रोड की समीक्षा में पाया गया कि जल निगम की ओर से डाली गई पाईप लाइन छह स्थानों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए नाले के समानांतर नहीं है। सड़क के किनारे दोनों तरफ बसी कालोनियों में नगर निगम द्वारा बनवाई गईं नालियों का पानी, ऊंचा होने की वजह से नाले में गिर ही नहीं पाता। ऐसे में बिन बारिश भी कुछ मोहल्लों की सड़कों पर नाली का गंदा पानी तैरने लगता है। बारिश में हालत और खराब हो जा रही है। इस समस्या के निस्तारण के लिए पूर्व कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने कमेटी बनाई थी मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
विज्ञापन


अब कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम (पेयजल) को एक सप्ताह के भीतर इसे ठीक कराने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी है कि तय समय के भीतर समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्य अभियंता लोनिवि को इस सड़क से जुड़े अन्य कार्य सर्विस रोड, डक एवं ड्रेन कार्य भी तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिया। यह भी निर्देश दिया कि जहां भी सीसी कार्य छूटा है, उसे जल्द पूरा किया जाए। देर होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाए।  
विज्ञापन
विज्ञापन

गोरखपुर-देवरिया फोरलेन: सीवर लाइन के काम में तेजी लाएं

गोरखपुर-देवरिया फोरलेन कार्य की समीक्षा के दौरान जल निगम की ओर से कराए जा रहे सीवर लाइन कार्य की प्रगति धीमी होने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। पहले से होमवर्क कर चुके कमिश्नर ने खुद जल निगम और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को बताया कि उनकी लापरवाही से नागरिकों का क्या-क्या दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि हमारा काम लोगों को सुविधा देना है परेशानी नहीं। सीवर लाइन का काम सुस्त होने की वजह से सड़क का निर्माण भी तेजी से नहीं हो पा रहा है। बारिश में सड़क पर कीचड़ तो धूप में धूल उड़ रही है। कमिश्नर ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को सीवर लाइन के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिया कि जहां सीवर लाइन पूरी हो जा रही है वहां तत्काल सड़क का काम पूरा करा लिया जाए।  

जल्द शुरू होगा नौसड़-पैडलेगंज छह लेन का काम
नौसड़-पैडलेगंज मार्ग को छह लेन में परिवर्तित किया जाना है। इस कार्य को छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जाना है। कोरोना की वजह से काम नहीं शुरू हो सका मगर अब कमिश्नर ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को ड्रेन, डक व तटबंध बनाने का कार्य तत्काल शुरू करने को कहा। मुख्य वन संरक्षक को रास्ते में पड़ रहे पेड़ों तथा बिजली निगम को पोल की शिफ्टिंग कराने का निर्देश दिया। फर्म को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। साथ ही आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में दिक्कत होने पर सीधे उन्हें जानकारी दें।

मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया मार्ग: बाकी बचे काश्तकारों को जल्द मिलेगा मुआवजा

कमिश्नर ने मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया फोरलेन के निर्माण में देरी की वजह की समीक्षा के बाद निर्देश दिया कि जिन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है उन्हें चिह्नित कर एनओसी ली जाए और तीन से चार दिन में मुआवजा उपलब्ध करा दिया जाए। जो काश्तकार जिले से बाहर हैं, उनसे फोन पर संपर्क किया जाए और उन्हें भी मुआवजा देते हुए उनकी जमीन रजिस्ट्री कराने की कार्यवाही की जाए। बिजली निगम के मुख्य अभियंता को रास्ते में पड़ने वाले बिजली के सभी पोल जल्द शिफ्ट कराकर जानकारी देने का निर्देश दिया।

कमिश्नर ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, वह खुद प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा करेंगे। यदि किसी काम को जानबूझकर लंबित रखा गया तो संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने बताया कि सभी प्रमुख निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा की जा रही है। कोरोना की वजह से प्रभावित कार्य को रफ्तार देने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम की वजह से बहुत दिक्कत नहीं हुई तो समय से सड़कों का निर्माण पूरा कराया जाएगा। कई जगहों पर तकनीकी खामियों और लापरवाही की वजह से जनता को दिक्कत हो रही है। सभी समस्याओं को चिह्नित करके दूर करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज रोड, गोरखपुर-देवरिया मार्ग आदि पर जिम्मेदारी तय करते हुए खामियां दुरुस्त करने के लिए समयसीमा तय कर दी गई है। लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed