Gorakhpur Accident: हाईवे पर ईंट के टुकड़े और गिट्टी रखने के कारण दो व्यापारी पुत्रों की जान गई
चौकी प्रभारी पिपरौली बैजनाथ बिंद ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। मामले में कार्रवाई कर की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर नौसड़ से कालेसर तक राप्ती नदी के बंधे के सुंदरीकरण के कार्य में की जा रही लापरवाही के कारण दो व्यापारी पुत्रों की जान चली गई और एक घायल हो गया। हादसा शनिवार देर रात गीडा इलाके के बरहुआं यादव टोला के पास सड़क पर बंधे के सुंदरीकरण के लिए रखे गए ईंट के टुकड़ों और गिट्टी के ढेर के कारण हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के पास सड़क पर कोई संकेतक या अवरोध नहीं होने से चालक सड़क पर रखे गिट्टी व ईंट के टुकड़ों के ढेर को नहीं देख पाया और इनसे टकराकर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मार्बल व्यापारी प्रमोद अग्रवाल के बेटे अंकित अग्रवाल (34) और रमा मेडिकल स्टोर के संचालक महेश अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल (35) की मौत हो गई।
कार चला रहे अभिषेक बजाज घायल हो गए। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। कालेसर से नौसड़ के बीच काफी वाहन देर तक फंसे रहे। बाद में पुलिस ने कार हटवाई तो रास्ता खुला।
जानकारी के मुताबिक, साहबगंज निवासी अभिषेक बजाज और बेतियाहाता निवासी अंकित अग्रवाल व अभिषेक अग्रवाल गीडा स्थित एक रेस्त्रां में दावत करने गए थे। देर रात तीनों दोस्त कार से शहर स्थित आवास लौट रहे थे। बरहुआं गांव के यादव टोला के पास पहुंचे थे कि सड़क के किनारे तटबंध के सुंदरीकरण के लिए रखे ईंट के टुकड़ों व गिट्टी के ढेर पर कार का पहिया चढ़ गया।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने युवा व्यापारी अंकित अग्रवाल और अभिषेक अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल अभिषेक बजाज को इलाज के बाद घर भेज दिया। मृत व्यापारी पुत्रों की शादियां हो चुकी हैं। छोटे बच्चे भी हैं।