होटल, रेस्त्रां की रसोई में दिखेगी सुनहरी शकरकंद की डिश, फरवरी में होगा महोत्सव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पोषण से भरपूर सुनहरी शकरकंद के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 19, 20 और 21 फरवरी को आयोजित होने वाला ‘सुनहरी महोत्सव’ जिले के करीब 40 होटल-रेस्त्रां में किया जाएगा। मुख्य आयोजन मोहद्दीपुर स्थित होटल रेडीसन ब्लू में करने की तैयारी है। यही नहीं जल्द ही शहर के सभी प्रमुख होटलों और रेस्त्रां के मेन्यू और रसोई में शकरकंद से बने डिश दिखाई देंगे।
शुक्रवार को एनेक्सी भवन सभागार में ‘सुनहरी महोत्सव’ की तैयारी को लेकर हुई बैठक में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने सभी होटल-रेस्त्रां के प्रबंधकों से अपील की कि वे अपने मेन्यू में इसके डिश शामिल करें। साथ ही आश्वस्त भी किया कि इसके लिए उन्हें जो भी मदद की जरूरत पड़ेगी, प्रशासन करेगा। बैठक में तीन दिन तक महोत्सव मनाए जाने पर सहमति बनी। इसके लिए तारीख भी प्रस्तावित कर दी गई।
हालांकि इस पर अंतिम मुहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही लगाएंगे क्योंकि वह भी इस महोत्सव में शामिल होंगे। बैठक में झांसी में स्ट्राबेरी महोत्सव के सफल आयोजन में मुख्य भूमिका निभाने वाले गौरव गर्ग, सीडीओ इंद्रजीत सिंह, उप निदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार त्रिपाठी समेत, विभिन्न होटल और रेस्त्रां संचालक मौजूद रहे।
महोत्सव का मुख्य आयोजन होटल रेडीसन में होगा। इसके अलावा जिले के तकरीबन 40 से अधिक होटल-रेस्त्रां में सुनहरी के व्यंजनों को स्टार्टर, मेन कोर्स और डेजर्ट के रूप में परोसा जा सकता है। बता दें कि सुनहरी शकरकंद की एक प्रजाति है जो केन्या में पाई जाती है, मगर गोरखपुर मंडल में भी इसकी खेती की जा रही है।
टेराकोटा के बर्तनों में परोसा जाएगा डिश
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने विकास भवन में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सुनहरी शकरकंद के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही इसे एक जिला एक उत्पाद के रूप में चयनित टेराकोटा से भी जोड़ा जाएगा। प्रयास किए जा रहे हैं कि होटलों और रेस्त्रां में इसे टेराकोटा के बर्तनों में ही परोसा जाए।
कहा कि इसकी मांग बढ़ेगी तो किसान भी इसकी खेती के लिए आगे आएंगे। इससे उनकी आय बढ़ेगी। लोगों को पोषण युक्त व्यंजन भी मिलेंगे और रोजगार का एक जरिया भी बढ़ेगा।
हॉट कुक्ड योजना व मिड डे मील में शामिल करने की तैयारी
सुनहरी शकरकंद को आंगनबाड़ी के हॉट कुक्ड योजना और परिषदीय स्कूलों के मिड डे मील योजना में भी शामिल करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा जाएगा। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामचेत चौधरी के मुताबिक 100 ग्राम सुनहरी में मौजूद 20 मिग्रा बीटा कैरोटीन हफ्ते भर के लिए जरूरी विटामिन-ए की पूर्ति कर देता है। सुनहरी में थोड़ी मात्रा में मिलने वाला एंटी आक्सीडेंट यकृत और कैंसर जैसे रोगों के रोकथाम में भी काफी मददगार है। इससे कुपोषण से भी निपटने में सहायता मिलेगी।