गोरखपुर: नौकायन के पास बनेगा गोलंबर, शिफ्ट होंगी स्ट्रीट फूड की दुकानें
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नौकायन से लेकर पैडलेगंज मार्ग पर जाम की समस्या न हो और इस जगह की रौनक बरकरार रहे, इसके लिए प्लान तैयार किया गया है। व्यवस्था में कुछ बदलाव किए जाएंगे। नौकायन के पास एक गोलंबर बनाने के साथ ही स्ट्रीट फूड की दुकानों को दिग्विजयनाथ पार्क और पार्किंग के पास शिफ्ट किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर के पैडलेगंज से नौकायन तक की सड़क पूरी तरह से अतिक्रमणमुक्त और यातायात के लिहाज से सुगम बनाने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) कुछ नए प्रयास करने जा रहा है। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। दिवाली बाद इसपर अमल शुरू हो जाएगा।
नौकायन के पास लगने वाले जाम को समाप्त करने के लिए वहां डिवाइडर तोड़ा जाएगा और उसके पास गोलंबर बनाया जाएगा। इससे, पैडलेगंज से आने वाली गाड़ियां तुरंत न मुड़कर थोड़ा घूम कर मुड़ेंगी। इसी तरह नौकायन से चंपा देवी पार्क तक सड़क के एक किनारे लगने वाली स्ट्रीट फूड की दुकानें भी शिफ्ट की जाएंगी। इन दुकानों को दिग्विजयनाथ पार्क और पार्किंग के बीच में बने त्रिकोणीय पार्क में शिफ्ट किया जाएगा। पार्क के भीतर किनारे-किनारे वेंडरों को जगह दी जाएगी। बीच में बेंच लगाए जाएंगे ताकि लोग वहां इत्मिनान से बैठकर खानपान का लुत्फ उठा सकें।
पार्किंग के बगल में यह जगह आवंटित होने की वजह से लोगों को भी दिक्कत नहीं होगी। नौकायन जाने के पहले गाड़ी पार्क करते समय या फिर नौकायन से लौटते समय लोग अपनी गाड़ी के पास या उसके भीतर बैठकर भी फास्ट फूड आदि का आनंद उठा सकेंगे। जीडीए का मानना है कि दुकानें शिफ्ट होने से भी जाम की समस्या खत्म करने में मदद मिलेगी।
नौकायन से लेकर चंपा देवी पार्क तक जीडीए द्वारा आवंटित वेंडरों के अलावा बड़ी संख्या में अवैध ठेले-खोंमचे और फूड वैन लगते हैं, जिससे प्राय: जाम की स्थिति बन जाती है। स्ट्रीट फूड की दुकानों को दिग्विजयनाथ पार्क के बगल में शिफ्ट करने पर सिर्फ उन्हें ही जगह मिलेगी जिन्हें जीडीए ने पूर्व में जगह आवंटित की थी।
पैडलेगंज से नौकायन तक सुगम यातायात के लिए पुलिस और प्रशासन ने हाल के दिनों में नो एंट्री समेत कई प्रयास किए थे मगर इससे नौकायन की रौनक कम हो गई थी। स्ट्रीट फूड की दुकानों की आय भी प्रभावित हो रही थी। यही वजह है कि पुलिस ने पूर्व की अपनी सभी बंदिशों को समाप्त कर दिया। ऐसे में नौकायन की रौनक भी बरकरार रहे और लोगों को भी दिक्कत न हो, इसके लिए जीडीए ने व्यवस्थित तरीके से योजना बनाई है। दिवाली बाद इसपर अमल शुरू हो जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नौकायन से लेकर पैडलेगंज मार्ग पर जाम की समस्या न हो और इस जगह की रौनक बरकरार रहे, इसके लिए प्लान तैयार किया गया है। व्यवस्था में कुछ बदलाव किए जाएंगे। नौकायन के पास एक गोलंबर बनाने के साथ ही स्ट्रीट फूड की दुकानों को दिग्विजयनाथ पार्क और पार्किंग के पास शिफ्ट किया जाएगा।