Dengue Alert: गोरखपुर में डेंगू के मिले चार संक्रमित मरीज, लक्षण दिखने पर तत्काल कराएं जांच
डेंगू की समय से पहचान और इलाज की वजह से सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अब तक भर्ती हुए मरीजों में केवल एक से दो फीसदी मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाना पड़ा है। जबकि, अन्य मरीज बिना प्लेट्लेटस चढ़ाए ही स्वस्थ हो चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को हुई जांच में डेंगू के चार संक्रमित मरीज मिले हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 181 हो गई है, जो 10 सालों में सबसे अधिक है। इनमें दो मरीज नगर निगम और दो मरीज ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि अंधियारी बाग स्थित 28 वर्षीय महिला और नार्मल रोड के खुर्रमपुर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला डेंगू पीड़ित मिली है। दोनों महिलाएं बीमार थीं। एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि खोराबार के महादेव सिकरीगंज और पिपराइच के उनौला में 40 और 25 वर्षीय महिला डेंगू संक्रमित मिली है। सभी को बुखार के साथ डेंगू के लक्षण थे। किट से जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद पुष्टि के लिए सभी की एलाइजा जांच कराई गई, जहां पर डेंगू की पुष्टि हुई है।
मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अब तक 140 घरों को नोटिस दिया जा चुका है। शेषपुर वार्ड में भी सोर्स रिडक्शन करते हुए कूलर, गमले और पानी की टंकी का निरीक्षण किया, जहां पर तीन घरों को नोटिस दिया गया है।
सरकारी अस्पतालों में प्लेट्लेटस चढ़ाने की जरूरत नहीं
डेंगू की समय से पहचान और इलाज की वजह से सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अब तक भर्ती हुए मरीजों में केवल एक से दो फीसदी मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाना पड़ा है। जबकि, अन्य मरीज बिना प्लेट्लेटस चढ़ाए ही स्वस्थ हो चुके हैं। जिला अस्पताल की बात करें तो अब तक 30 से अधिक मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि, बीआरडी में 90 मरीजों को इलाज हो चुका है। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि डेंगू के मरीजों को प्लेटलेट्स की जरूरत नहीं पड़ रही है। दवा से ही उनका इलाज हो रहा है। यह राहत भरी बात है।
डेंगू के लक्षण दिखने पर तत्काल कराएं जांच : सीएमओ
गोरखपुर जिले में पिछले कुछ वर्षों की तुलना में डेंगू के ज्यादा मामले आने से घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग की सर्विलांस टीम इस पर नजर रखे हुए है। बुखार होने पर लोग जागरूक होकर अस्पताल जा रहे हैं और जांच करवा रहे हैं। इसकी वजह से मामले ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। यह एक बेस्ट प्रैक्टिस है। डेंगू की समय से पहचान और इलाज होने से लोग जल्द ठीक हो रहे हैं। ऐसे में इसके लक्षण दिखते ही तत्काल जांच कराएं।
यह अपील सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने जिलेवासियों से की है। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग खुद के प्रयास से डेंगू मरीजों को ढूंढने में लगा है। इससे बीमारी के प्रसार में कमी आएगी और मरीज का समय से इलाज हो सकेगा। डेंगू मरीज की पहचान समय से न होने खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर डेंगू के लक्षण दिखें तो तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर निशुल्क जांच कराएं। कहा कि पूरे बाजू के कपड़े पहने, मच्छर अगरबत्ती और मच्छरदानी का प्रयोग करें, साफ पानी एकत्र न होने दें।
तीन हजार से अधिक की रैपिड किट से हुई जांच
सीएमओ ने बताया कि सरकारी अस्पतालों पर करीब 3,000 से अधिक लोगों की डेंगू की जांच एनएसवन रैपिड टेस्ट से की गई है। लक्षणों के आधार पर 1,500 से अधिक लोगों का एलाइजा कंफर्मेट्री टेस्ट भी कराया गया। बताया कि सरकारी अस्पतालों पर जांच किट उपलब्ध है। डेंगू के लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराएं। रैपिड टेस्ट होने के बाद एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल दे सकते हैं।
एडीज प्रजाति के मच्छरों से होता है प्रसार
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह का कहना है कि डेंगू का संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में खास एडीज प्रजाति के मच्छरों के काटने से ही होता है। यह मच्छर सामान्य तौर पर दिन में काटते हैं और ठहरे हुए साफ पानी में ही पनपते हैं। मधुमेह के मरीजों और गर्भवती को खासतौर पर सतर्क रहने की जरूरत है।
डेंगू के लक्षण
तेज बुखार, त्वचा पर चकत्ते, तेज सिर दर्द, पीठ दर्द, आंखों में दर्द, मसूड़ों से खून बहना, नाक से खून बहना, जोड़ों में दर्द, उल्टी, डायरिया।