Corona in Gorakhpur: गोरखपुर में पांच डॉक्टर समेत मिले 292 कोरोना पॉजिटिव, पांच संक्रमितों की हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे में कोरोना के 292 नए मरीज मिले हैं। पांच मरीजों की मौत भी हुई है। संक्रमितों में निजी अस्पतालों के तीन और बीआरडी मेडिकल कॉलेज और सीएचसी के एक-एक डॉक्टर भी शामिल हैं। इसके अलावा अस्थायी जेल, रेलवे अस्पताल और रेल डाक सेवा के कई कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बुधवार को फिर से एक डॉक्टर संक्रमित पाए गए हैं। इनके अलावा निजी अस्पतालों के तीन और सीएचसी पिपराइच के एक डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। अस्थायी जेल में एक साथ 12 लोगों के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है।
वहीं, रेलवे अस्पताल के 10 और कर्मी भी संक्रमित हुए हैं। इससे पहले रेलवे के दो दर्जन से अधिक कर्मी संक्रमित हो चुके हैं। रेल डाक सेवा के चार और कर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले 20 कर्मी संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं, भाजपा के महानगर मंत्री भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. नंद कुमार ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी।
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या छह हजार पार
जिले में संक्रमितों की संख्या 6182 हो गई है। इनमें 3395 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव मरीज 2695 हैं। वहीं, संक्रमण से मरने वालों की संख्या 92 हो गई है।
कई परिवार भी कोरोना की चपेट में
रानीडीह के एक ही परिवार के तीन लोग, अगया में एक ही परिवार के दो लोग, खदराइच खुर्द के एक ही परिवार के दो लोग, सूर्यकुंड के एक ही परिवार के दो लोग, ग्रीन सिटी में फेज टू में एक ही परिवार के दो लोग, तिवारीपुर में एक ही परिवार के चार लोग, उसी मोहल्ले में एक ही परिवार के दो लोग, सरस्वतीपुरम में दो परिवार के तीन-तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
शहर में सबसे अधिक 48 मरीज शाहपुर इलाके में मिले
शहर में 186 मरीज मिले हैं। इनमें शाहपुर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 48 मरीज मिले हैं। इसके अलावा गोरखनाथ क्षेत्र में 37, राजघाट सात, तिवारीपुर 19, कैंट 28, कोतवाली 27, रामगढ़ ताल इलाके में आठ, चिलुआताल क्षेत्र में पांच और गुलरिहा में सात मरीज मिले हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में 76 मरीज मिले हैं। इसमें भटहट में आठ, बड़हलगंज चार, बेलघाट सात, कैंपियरगंज तीन, चरगांवा छह, गगहा पांच, गोला तीन, जंगल कौड़िया दो, कौड़ीराम एक, खजनी चार, खोराबार 11, पाली एक, पिपरौली सात, पिपराइच नौ, सहजनवां और सरदारनगर में दो-दो मरीज मिले हैं। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 30 मरीज और मिले हैं।
मरने वालों में एक पूर्व प्रधान भी शामिल
जिले में कोरोना संक्रमण से मौत के आंकड़े भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें एक पूर्व प्रधान और एक 24 साल का युवक भी शामिल है। भटहट की पूर्व प्रधान रेशमा देवी की मौत शहर के एक निजी अस्पताल में बुधवार को हुई है।
इसके अलावा सूर्यकुंड कॉलोनी के रहने वाले 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत बीआरडी में मंगलवार की देर रात हुई। इन्हें हाई बीपी और शुगर सहित सांस लेने में तकलीफ थी। असुरन चौक के रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत बीआरडी में हुई है। बसियाखोर के रहने वाले 24 साल के युवक की मौत भी मंगलवार को बीआरडी में हुई है।
युवक को शुगर की बीमारी थी। इसके अलावा वाणिज्य कर के एक 35 वर्षीय कर्मी की मौत भी निजी अस्पताल में कोरोना से हुई है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि शव को कोविड प्रोटोकॉल के तहत परिजनों को सौंप दिया गया है।