गोरखपुर: जालसाजों ने आधार कार्ड नंबर का इस्तेमाल कर दूसरे के बैंक खाते से निकाल लिए 9.80 लाख रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर जिले में बड़ौदा यूपी बैंक जैतपुर शाखा के खाताधारक सीयर गांव निवासी लालमन के बैैंक खाते से जालसाजों ने उनके आधार कार्ड नंबर का इस्तेमाल करते हुए 9.80 लाख रुपये निकाल लिए। बीते एक सितंबर को बैंक से पैसे निकालने पहुंचे लालमन को जालसाजी की जानकारी हुई। बैंक के सुझाव पर लालमन ने गीडा और साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं बैंक प्रशासन ने भी अपने स्तर पर भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, लालमन का बड़ौदा यूपी बैंक की जैतपुर शाखा में खाता है। सितंबर 2019 में फोरलेन के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजा के रूप में तकरीबन 14 लाख रुपये उनके खाते में आए। इसमें से कुछ रकम उन्होंने घर की मरम्मत आदि में खर्च किए। इसके बाद खाते में करीब 9.80 लाख रुपये बचे रह गए।
जरूरत नहीं होने की वजह से उन्होंने काफी समय तक अपने खाते से कोई रकम नहीं निकाली। बीते एक सितंबर को जब वह अपने बैंक खाते से पैसे निकालने पहुंचे तो पता चला कि खाते में महज 300 रुपये ही बचे हैं। इसके बाद उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया। सोमवार को लालमन अपने बेटे के साथ बैंक के सामने धरने पर बैठ गए। बैंक प्रबंधक ने उन्हें समझा बुझाकर साइबर थाने भेजा।
लालमन ने नहीं ली थी एसएमएस अलर्ट की सुविधा
खाता खाली होने तक जालसाज पैसे निकालता रहा, लेकिन एसएमएस अलर्ट की सुविधा नहीं लेने की वजह से लालमन को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जालसाज ने रुपये निकालने की शुरुआत अप्रैल में की, जो अगस्त तक चलता रहा। जालसाज ने 10 अप्रैल से लेकर तीन अगस्त के बीच प्रत्येक दिन 10-10 हजार रुपये निकाले।
चार अगस्त को भी जालसाज ने 10 हजार रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन खाते में रकम कम होने के कारण बैंक द्वारा इसे अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद पांच अगस्त को जालसाज ने लालमन के खाते से एक हजार रुपये निकाले। इसके बाद उनके खाते में मात्र 300 रुपये बचे रह गए। 90 से ज्यादा बार जालसाज ने लालमन के खाते से पैसे निकाले। हालांकि लालमन ने बीते जुलाई में 30 हजार रुपये निकाले, लेकिन शाखा में पासबुक प्रिंटर मशीन खराब रहने की वजह से उन्हें खाते में बची रकम की जानकारी नहीं हो सकी।
जैतपुर शाखा के खाताधारकों से पहले भी हो चुकी है जालसाजी
मामला संज्ञान में आने के बाद 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम की ऑनलाइन निकासी पर रोक लगा दी गई है। 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम निकालने के लिए खाताधारक को व्यक्तिगत रूप से बैंक में उपस्थित होना होगा। मामले की जानकारी मुख्यालय को दे दी गई है।
बड़ौदा यूपी बैंक क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि बैंक का आईटी सेल मामले की तफ्तीश में जुट गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इंडस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई है। दोनों बैंकों को पत्र लिखकर जानकारी मांगी गई है।