गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत मामला: पांच सदस्यीय कमेटी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को माना सही, बोले- दम घुटने पर हुई थी मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक फंदा कसने से दम घुटने पर हुई थी छात्रा की मौत, अब फोरेंसिक रिपोर्ट से मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के गृह विज्ञान विभाग में छात्रा प्रियंका कुुमारी की मौत के मामले में सीएमओ की तरफ से गठित पांच सदस्यीय कमेटी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सही ठहराया है। माना कि फंदे से लटकने (हैंगिंग) पर दम घुटने से ही छात्रा की मौत हुई है। कमेटी ने मंगलवार को विवेचक को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। अब पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके बाद मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
जानकारी के मुताबिक, गत शनिवार को गृह विज्ञान विभाग के स्टोर रूम में प्रियंका कुमारी का शव दुपट्टे से बनाए गए फंदे से लटकता मिला था। प्रियंका के पिता विनोद कुमार ने रविवार को गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष और उनके सहयोगियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इसके बाद ही मृतका के पिता ने दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी।
हंगामा की सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट परीक्षण के लिए पांच सदस्यीय डॉक्टरों की कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था। डीएम विजय किरन आनंद के आदेश पर सीएमओ ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी थी। अब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है। कमेटी ने पोस्टमार्टम के वीडियो और रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद फंदे से लटककर दम घुटने की बात कही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके के हालात के आधार पर पुलिस पहले दिन से ही इसे खुदकुशी मान रही है।
पिता ने कहा हत्या की गई है पर क्यों, नहीं मालूम
प्रियंका के पिता विनोद कुमार ने हत्या किए जाने की बात दोहराई है। उनका तर्क है कि छात्रा घर से परीक्षा देने गई थी और वह किसी बात से परेशान नहीं थी तो फिर वह खुदकुशी क्यों करेगी? मगर उसकी हत्या क्यों की गई, इस सवाल पर कुछ नहीं बता पा रहे हैं। उनका कहना है कि हत्या क्यों की गई, इसकी पुलिस जांच करें तो सच सामने आ जाएगा। पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष जांच करने की जरूरत है।
उलझ गया है मौत का राज, अगर खुदकुशी तो वजह क्या?
छात्रा के मौत का मामला उलझ गया है। विधायक और एक थानेदार के पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताने के बाद परिवार के लोग हत्या बता रहे है तो पुलिस खुदकुशी बता रही है। लेकिन, ना तो घरवाले हत्या की वजह बता पा रहे और ना ही पुलिस खुदकुशी की वजह का पता लगा पाई है।
अगर खुदकुशी है तो वजह तो बतानी होगी
पिता विनोद कुमार ने प्रियंका के मोबाइल इस्तेमाल ना करने की बात कही है। हालांकि, यह बात सबको खटक रही है, ऐसा आज के समय में संभव नहीं है। पुलिस ने उसके घर से एक मोबाइल को कब्जे में लिया है। यह मोबाइल उसके घर पर ही रहता था। इसे कोई भी अपने साथ लेकर नहीं जाता था। हालांकि, यह मोबाइल एंड्राएड नहीं है, बल्कि साधारण मोबाइल है इस वजह से कॉल डिटेल आने के बाद ही कोई बात साफ हो पाएगी।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने कहा कि कमेटी ने विवेचक को अपनी रिपोर्ट सौंपी है जिसमें पुराने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सही ठहराया गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट भी जल्द आ जाएगी। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह से साफ हो जाएगी।