Gorakhpur News: गोरखपुर में पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, मुकदमा दर्ज
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात दीपावली पर बेलवा गांव एकनिवासी युवक अमरजीत निषाद अपने दोस्तों के साथ पटाखा फोड़ रहा था। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाले लवकुश ने घर के सामने पटाखा फोड़ने से मना किया। इसी बात पर वाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों से 15 से 20 युवक इकट्ठा हो गए। अमरजीत निषाद पक्ष के लोगों और लवकुश पक्ष के लोगों में लाठी डंडे से भीषण मार पीट शुरू हो गई । विवाद में अमरजीत का सिर फूट गया तो वहीं जितेंद्र भट्ट नामक युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया। मारपीट से मौके पर अफरा तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना गगहा पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कई लोग मौके से फरार हो गए।
गगहा थाना अध्यक्ष आशीष सिंह ने बताया कि पीड़ित अमरजीत के पिता राम गति निषाद की तहरीर के आधार पर मामले में लवकुश, अमन, आशीष, पंकज एवं तीन अज्ञात के खिलाफ त्यौहार में उपद्रव, शांतिभंग, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे पक्ष में भी तहरीर दी है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मारपीट में मौजूद ज्यादातर युवकों की उम्र 17 से 22 वर्ष है।