Gorakhpur News: नमाज अदा कर गले मिले... कहा- ईद मुबारक, सभी ने अमन व चैन की मांगी दुआ
सोमवार सुबह तय समय से पहले ईदगाह व मस्जिदें भर गईं। नमाज के समय तक ईदगाह व मस्जिदों में नमाजियों की कतारें लग गईं। लोगों ने ईदगाह व मस्जिद के इमामों की तकरीर सुनी। इसके बाद नमाज अदा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईद-उल-फित्र की नमाज सोमवार को परंपरा के अनुसार अदा की गई। शहर की सभी ईदगाहों व तमाम मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
सोमवार सुबह तय समय से पहले ईदगाह व मस्जिदें भर गईं। नमाज के समय तक ईदगाह व मस्जिदों में नमाजियों की कतारें लग गईं। लोगों ने ईदगाह व मस्जिद के इमामों की तकरीर सुनी। इसके बाद नमाज अदा की। नमाज पूरी होने के बाद लोगों ने खुत्बा सुना और मुल्क में भाईचारगी, एकता, अमन व अमान के साथ ही रोजा, नमाज, जकात, सदके की कबूल होने की दुआ मांगी गई।
इसके बाद छोटे से लेकर बड़ों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद देनी शुरु की। गले मिले, हाथ मिलाया और ईद की मुबारकबाद दी। इसी के साथ ईदी भी बंटनी शुरू हुई। किसी को ईदी में पैसे मिले तो किसी को तोहफे। लोग एक दूसरे के घर आते रहे जाते रहे, खुशियों का पैगाम बांटते रहे।
गरीबों का रखें ख्याल
मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक में मुफ्ती मेराज अहमद कादरी ने कहा कि ईद भाईचारगी का त्योहार है। इसे सबके साथ मनाएं। गरीबों का भी ख्याल रखें, उन्हें अपनी खुशियों में शामिल करें। मुकीम शाह जामा मस्जिद बुलाकीपुर के इमाम मौलाना फिरोज अहमद निजामी ने नमाज, रोजा, हज, जकात सहित तमाम दीनी बातों पर रोशनी डाली।
इसके अलावा अन्य ईदगाहों व मस्जिदों में उलेमा ने तकरीर कर ईद की नमाज पढ़ाई और खुत्बा पढ़ा। भीड़ अधिक होने की वजह से ईदगाह सेहरा बाले का मैदान बहरामपुर में दो बार ईद की नमाज अदा की गई।
मेले जैसा रहा माहौल
ईद के मौके पर नौजवानों ने मुस्लिम बाहुल मोहल्लों को रंग-बिरंगी झंडियों से सजाया। इसके अलावा तमाम तरह की गुब्बारों व खिलौनों की दुकानों पर बच्चों का हुजूम उमड़ पड़ा। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। सोशल मीडिया पर ईद का मुबारकबाद देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। खूब सेल्फी ली गई।
फातिहा पढ़ने वालों का लगा तांता
नार्मल स्थित हजरत मुबारक खां शहीद रहमतुल्लाह अलैह आदि दरगाहों पर जियारत करने वालों का तांता लगा रहा। इसी तरह शहर के कब्रिस्तानों पर फातिहा पढ़ने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। सभी ने पूर्वजों को याद कर फातिहा पढ़ मगफिरत की दुआएं मांगी।
इमामबाड़ा स्टेट के सज्जादानशीन सैय्यद अदनान फर्रूख अली शाह मियां साहब ने जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, ईदगाह कमेटी के मेंबरों को ईद की मुबारकबाद देते हुए सभी का शुक्रिया अदा किया।
वहीं, मियां साहब को ईद की मुबारकबाद देने के लिए इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के सदस्य जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद और महासचिव हाजी सोहराब खान की अगुवाई में पहुंचे और मुबारकबाद पेश की। इस मौके पर सैयद वसीम इकबाल, शकील शाही, मोहम्मद अनीस एडवोकेट आदि मौजूद रहे।