Gorakhpur News: संसाधन के अभाव में बरही-बारीगांव सीएचसी में नहीं चलती है इमरजेंसी
गोरखपुर जिले में झंगहा क्षेत्र की सीएचसी बरही और सिकरीगंज इलाके की सीएचसी बारीगांव में इमरजेंसी सुविधा नहीं है। अगर इस इलाके में रात में कोई बीमार या घायल हुआ तो उसे तत्काल इलाज के लिए पीएचसी ब्रह्मपुर या फिर सीएचसी बांसगांव जाना होगा। अन्य सीएचसी में डॉक्टर व चिकित्सा स्टॉफ रात में भी ड्यूटी पर मौजूद रह रहे हैं।
बीते अगस्त में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक के बाद निर्देश दिया था कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी में डॉक्टर व अन्य स्टॉफ मौजूद रहें। डॉक्टरों को परिसर में ही रात्रि विश्राम के निर्देश दिए गए थे। शुक्रवार की रात अमर उजाला की टीम ने सभी सीएचसी में शाम सात बजे से रात आठ बजे के बीच डॉक्टरों व सहयोगी स्टॉफ की मौजूदगी देखी। इसमें बरही व बारीगांव सीएचसी छोड़कर अन्य सभी जगहों पर इमरजेंसी सेवा चालू थी। इक्का-दुक्का मरीज ही अस्पताल आए थे।
बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी ड्यूटी डॉ. मोहम्मद एजाज की थी। स्टाफ नर्स सुमन राय ने बताया कि लक्ष्मीपुर की गूंजा ने कुछ देर पहले ही बच्चे को जन्म दिया है। फार्मासिस्ट मुकेश व वार्ड ब्वाय प्रेम ने बताया कि डॉ. मोहम्मद एजाज कैंपस स्थित अपने आवास पर हैं।
इसे भी पढ़ें: अश्लील वीडियो बनाकर रंगदारी वसूलने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, देवरिया की रहने वाली हैं आरोपी
सीएचसी पिपराइच में डॉ. अंकुर, फार्मासिस्ट जय विजय पांडेय सहित अन्य स्टाफ मौजूद था। अधीक्षक डॉ. मणि शेखर ने बताया कि महिला चिकित्सक रात में ऑन काॅल मौजूद रहती हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट में डॉ. सीबी शर्मा, फार्मासिस्ट मुरली श्याम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरेंद्र नाथ ठाकुर, फार्मासिस्ट शरदेंदु मणि त्रिपाठी व अन्य कर्मी मौजूद रहे। पाली क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ठर्रापार में डाॅ. कुनाल श्रीवास्तव, धर्मदेव, स्टाफ नर्स क्षमा मिश्रा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें: निर्जल उपवास आज, कल डूबते सूर्य की होगी पूजा; तस्वीरों में देखें तैयारियों की एक झलक
इसे भी पढ़ें: छपरा कचहरी-उधना छठ पूजा विशेष गाड़ी दो फेरों के लिए चलेगी, यात्रियों को नहीं होगी परेशानी
सीएमओ डॉ. आशुतोष दूबे ने कहा कि सीएचसी बारीगांव व बरही में इमरजेंसी सेवा संचालित नहीं होती। बरही सीएचसी क्षेत्र के मरीज इमरजेंसी में पीएचसी ब्रह्मपुर जाते हैं, जबकि बारीगांव क्षेत्र के मरीज बांसगांव सीएचसी जाते हैं। सभी सीएचसी-पीएचसी पर डॉक्टरों को रात्रि विश्राम के निर्देश दिए गए हैं। छठ पूजा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।