'चौकी प्रभारी को निलंबित करो': पुलिस से खफा दिव्यांग पानी की टंकी पर चढ़ा... पौने दो घंटे ड्रामा के बाद उतरा
दिव्यांग राकेश सुबह करीब 10:30 बजे लालगंज में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। यह खबर आग की तरह फैल गई। जानकारी होते ही थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जानें फिर क्या हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लालगंज पुलिस चौकी प्रभारी पर पिटाई का आरोप लगा रहा दिव्यांग गुरुवार को करीब 10:30 बजे कस्बे की पानी की टंकी पर चढ़ गया। मांग करने लगा कि जब तक चौकी प्रभारी को निलंबित कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी और उसके विपक्षी पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। धमकी देने लगा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा लेगा और टंकी से कूदकर जान दे देगा। दो घंटे तक ड्रामे के बाद वह उतरा।
चौबाह गांव निवासी दिव्यांग राकेश कुमार का लालगंज पुलिस चौकी प्रभारी राम भवन प्रजापति पर आरोप है कि वह उसके शिकायती पत्र पर कार्रवाई न कर उल्टा उसे चौकी में बुलाकर मारापीटा। अपशब्द कहते हुए मोबाइल भी छीन लिया। इसे लेकर दिव्यांग राकेश सुबह करीब 10:30 बजे लालगंज में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। यह खबर आग की तरह फैल गई। जानकारी होते ही थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दिव्यांग राकेश से नीचे उतर आने की गुजारिश करने लगे। ग्राम प्रधान राजू यादव, सुरेंद्र कुमार, डब्लू व अन्य संभ्रांत लोगों के बार-बार कहने पर यही कहता रहा कि थाना प्रभारी हमारी मांग को पूरा करें। काफी मान-मनौव्वल के बाद थाना प्रभारी लालगंज सुनील गौड़ ने आश्वासन दिया कि उसकी तहरीर पर कबाड़ कारोबार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर करीब 11:40 बजे राकेश को नीचे उतरा।
यह है मामला
चौबाह गांव निवासी राकेश कुमार दिव्यांग है, इसकी वजह से चलने में परेशानी भी होती है। उसका कहना है कि मंगलवार को घर से जाते समय कबाड़ का काम करने वाले मनीष के रखे कबाड़ से उसे चोट लग गई। उसने रास्ते में कबाड़ रखने को लेकर आपत्ति जताई। इस पर दुकानदार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। पुलिस उसे चौकी पर ले आई। आरोप लगाया कि वहां पर पहले से पहुंचे कारोबारी के प्रभाव में आकर उन्हीं के सामने चौकी प्रभारी ने अपशब्द कहते हुए मारपीट कर धक्का दिया। इससे चोट आई। उसने 11 सितंबर को एसपी को प्रार्थनापत्र देकर चौकी प्रभारी राम भवन प्रजापति को निलंबित करने की मांग की थी। चौकी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला ऐसे किसी वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।