गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के नियंता प्रो. गोपाल प्रसाद ने विश्वविद्यालय के कुलपति पर अमर्यादित आचरण करने का आरोप लगाते हुए अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि सम्मान से बढ़कर उनके लिए कुछ भी नहीं है। विश्वविद्यालय के कुलपति का व्यवहार से क्षुब्ध होकर उन्होंने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
प्रो. गोपाल प्रसाद ने बताया कि अपना इस्तीफा उन्होंने वाट्सएप के जरिए कुलपति को भेज दिया है। वाट्सएप संदेश के जरिए उन्होंने कुलपति को विश्वविद्यालय के नियंता के अलावा रामप्रताप शुक्ल छात्रावास, अंतरराष्ट्रीय नेपाली छात्रावास के वार्डन के अलावा दर्शनशास्त्र के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कुलपति के द्वारा उनके साथ लगातार अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा था। किसी भी विश्वविद्यालय के शिक्षक के लिए मान-सम्मान सबसे बड़ी बात होती है, लेकिन कुलपति का आचरण इसके बिलकुल प्रतिकूल है। ऐसे में उनके सामने इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।