गोरखपुर में डिप्टी सीएम: डेंगू-मलेरिया पर नियंत्रण पाना है, रेफर की जगह मरीजों का कराएं इलाज
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शुक्रवार को सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों के इलाज की जानकारी लेने के बाद कहा कि डेंगू समेत अन्य मच्छर जनित बीमारियों पर तत्काल नियंत्रण के लिए ठोस उपाय करना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों पर शीघ्र नियंत्रण के लिए ठोस उपाय करें। मरीजों को एक से दूसरे अस्पताल में सिर्फ न रेफर करें, बल्कि बेहतर इलाज कराएं।
ग्रामीण क्षेत्र के सीएचसी, पीएचसी व वेलनेस सेंटरों की व्यवस्था ठीक कराएं। अगर निचले स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक रहेगी तो जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेजों में भीड़ कम होगी। जिससे अन्य गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शुक्रवार को सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों के इलाज की जानकारी लेने के बाद कहा कि डेंगू समेत अन्य मच्छर जनित बीमारियों पर तत्काल नियंत्रण के लिए ठोस उपाय करना होगा। लगातार फागिंग व दवा का छिड़काव कराएं।
उन्होंने ब्लाॅक स्तर पर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए ईटीसी व मिनी पीकू के व्यापक प्रचार का निर्देश दिया। कहा कि जब लोगों को अपने नजदीक के अस्पताल में बेहतर इलाज की जानकारी होगी तो खुद ही मरीजों को वहां भर्ती कराएंगे, जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी बेड भरेगा। एंबुलेंस 102/108 को पूर्ण रूप मानिटरिंग करने के साथ साथ उनकी गुणवत्ता को ध्यान में रखने का भी निर्देश दिया।
कहा कि अगर कोई एंबुलेंस खराब हो तो भुगतान में कटौती की जाए। डिप्टी सीएम ने सभी उपकेंद्रों को टीकाकरण के दिन के अलावा भी अन्य दिनों में खोलने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल काॅलेज व जिला चिकित्सालय समेत अन्य महत्वपूर्ण अस्पतालों में ऐसे कर्मचारी की गेट पर ड्यूटी लगाएं जो गंभीर मरीजों को इलाज के लिए तत्काल जरूरी सहायता प्रदान कर सकें। जिला चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. राजेंद्र ठाकुर ने माइनर एवं मेजर ऑपरेशन के विषय में जानकारी दी।
बैठक में अपर निदेशक, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण तथा गोरखपुर देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज सीएमओ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, और देवरिया मेडिकल काॅलेज तथा बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के प्राचार्य मौजूद रहे।
बीआरडी से काफी उम्मीदें, करें बेहतर प्रयास
डिप्टी सीएम ने बीआरडी मेडिकल कालेज की चर्चा करते हुए कहा कि यह मेडिकल कालेज काफी पुराना है और पूर्वांचल के लोग यहां काफी उम्मीद लेकर आते हैं। कॉलेज प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि यहां मरीजों को बेहतर उपचार मिले। मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की बजाय ठीक से उपचार कर उसको स्वस्थ किया जाए। डिप्टी सीएम ने ओपीडी मरीजों, भर्ती मरीजों, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, डेंगू मरीजों की जांच, उपचार, दवाओं की पूर्ण रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान सीडीओ संजय कुमार मीना, सीएमओ डॉ. आशुतोष दूबे, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य गणेश कुमार आदि उपस्थित रहे।