गोरखपुर: विभाग के पास नहीं है डेंगू के मरीजों का सही आंकड़ा, चिंता की वजह बने निजी अस्पताल
निजी पैथालॉजी नहीं दे रहे एलाइजा जांच के लिए नमूने, इस कारण विभाग के पास नहीं है डेंगू के मरीजों का सही आंकड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले में डेंगू के मामले तो कम हो गए हैं, लेकिन अब भी निजी लैब एलाइजा जांच के लिए नमूने नहीं भेज रहे हैं। इसकी वजह से विभाग को डेंगू के सही मरीजों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। विभाग के आंकड़ों में अब तक 56 केस दर्ज हैं, जबकि निजी अस्पतालों में 150 से अधिक मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों में जटेपुर रेलवे कॉलोनी, डेयरी कॉलोनी और रामगढ़ताल के रहने वाले हैं। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
सीएमओ ने बताया कि डेंगू के मामले तो बढ़े हैं, लेकिन अब तक किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। एक सप्ताह पूर्व 11 नए मरीज मिले थे। इनमें सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। केवल दो मरीजों का इलाज चल रहा है। बाकी सभी मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है।
बताया कि रेलवे कॉलोनी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जटेपुर के बाद डेयरी कॉलोनी में भी डेंगू के मरीज मिले हैं। बताया कि जिला अस्पताल में अब तक 482 मरीजों की एलाइजा जांच कराई जा चुकी है। इनमें कुल 56 मरीज मिले हैं। इसके अलावा एनएस-वन की जांच 1419 लोगों की गई है।
मलेरिया की जांच भी लगातार कराई जा रही है। लेकिन अब तक कोई भी मरीज नहीं मिला है। इसके अलावा 212 लोगों के घरों का सर्वे किया गया है। 60 लोगों को नोटिस देकर साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं।
डेंगू से बचाव के लिए चलाया विशेष अभियान
गोरखपुर शहर में लगातार डेंगू के मामले मिल रहे हैं। इसके मद्देनजर नगर निगम की ओर से विशेष सफाई के अलावा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। सोमवार को हुमायूंपुर एवं हांसूपुर व पांचों जोन में विशेष दस्तक व संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया व अन्य बीमारियों से बचाव के लिए टेमीफॉस एवं एंटी लार्वा छिड़काव के साथ वार्डों में सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग कराया गया।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि शहर को मच्छरों व जलजनित बीमारियों से बचाने के लिए निगम की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सफाई निरीक्षकों ने मुक्तिधाम और कांशीराम कॉलोनी में कूड़ा उठवाकर साफ-सफाई कराई गई। साथ ही विशेष नाला सफाई अभियान भी चलाया गया।
अवैध होर्डिंग व गंदगी फैलाने पर जुर्माना जाएगा वसूला
नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल सीपी सिंह एवं प्रवर्तन दल टीम और आरआई रामसूचित ने दुर्गाबाड़ी स्थित नरसिंह मंदिर के सामने फैले अतिक्रमण को हटाया गया। कर्नल सीपी सिंह ने बताया कि शहर में लगे अवैध होर्डिंग को हटाने के साथ गंदगी फैलाने और पॉलिथीन पकड़े जाने पर जुर्माना भी वसूला जाएगा।