रेलवे: गोरखपुर से शताब्दी और वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग, समिति की हुई बैठक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वोत्तर रेलवे की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक बुधवार को सैयद मोदी स्टेडियम के बैडमिंडन हॉल में हुई। समिति के सदस्यों ने गोरखपुर से शताब्दी और वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग की। कुछ सदस्यों ने अपने क्षेत्र के स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का सुझाव दिया।
गोरखपुर सदर सांसद रवि किशन के प्रतिनिधि की तरफ से वंदे भारत, शताब्दी और दिल्ली गरीब रथ, गोरखपुर-गोवा और गोरखपुर से पुरी के लिए नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया। महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने कहा कि सभी मामलों को रेलवे बोर्ड में भेज दिया गया है। इसके बाद समिति के सदस्य एवं गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ महेंद्र सिंह ने गोरखपुर और लखनऊ के बीच यात्रा के समय को कम करने की मांग की। उन्होंने सहजनवां और दोहरीघाट के बीच नई रेलवे लाइन का मुद्दा भी उठाया। साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे को आधुनिक ट्रेनों से जोड़ने की भी मांग की।
उनकी मांग का सभी सदस्यों ने समर्थन किया। डॉ. महेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि गोरखपुर-लखनऊ के मध्य विद्युतीकरण होने के बाद भी यात्रा के बीच लगने वाले समय को कम नहीं किया गया है। दोहरीकरण और विद्युत लाइन होने के बाद भी अभी करीब 7-8 घंटे लगते हैं। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास तो बना दिए जाते हैं लेकिन रख-रखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता है। ज्यादातर अंडरपास में बारिश का पानी भर जाता है।
इस पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने हाई स्पीड की ट्रेनों को चलाने की भी मांग की। सांसद कविता सिंह ने विभिन्न स्टेशनों पर जन सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई और विकास कार्यों को समय से पूरा करने का सुझाव दिया। सहजनवां-दोहरीघाट नई लाइन का भी मुद्दा उठा। जिस पर महाप्रबंधक ने कहा कि जमीन अधिग्रहण के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इस प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट भी जारी हो चुका है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने पूर्वोत्तर रेलवे की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं साझा कीं। कहा कि 16 स्टेशनों पर 39 लिफ्ट स्वीकृत हैं, जिनमें से 26 लिफ्ट को लगाया जा चुका है। इसी प्रकार 12 स्टेशनों पर 28 एस्केलेटर स्वीकृत हैं, जिनमें से 26 लग चुके हैं। क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के 33 सदस्य, अपर महाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक डीके सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गोरखपुर सांसद ने इन ट्रेनों की मांग की
- गोरखपुर-नई दिल्ली वंदे भारत सुपरफास्ट
- गोरखपुर-नई दिल्ली शताब्दी सुपरफास्ट
- गोरखपुर-मुंबई गरीब रथ एक्सप्रेस
- गोरखपुर-गोवा वाया अयोध्या प्रयागराज सुपरफास्ट
- गोरखपुर-जैसलमेर वाया जोधपुर सुपरफास्ट
- गोरखपुर-लखनऊ डबल डेकर एक्सप्रेस
- गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस को रोजाना किया जाए।