नगर निगम का परिसीमन: गोरखपुर में वार्ड नहीं बढ़ेंगे, 70 ही रहेंगे
नगर निगम की परिसीमन कमेटी ने रिपोर्ट तैयार की, इसे पांच मई को शासन को सौंपी जाएगी। 32 गांव जुड़ने के बाद नगर निगम क्षेत्र की आबादी में करीब एक लाख की बढ़ोतरी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में 32 गांव जुड़ने के बाद भी वार्डों की संख्या नहीं बढ़ेगी। पहले की तरह 70 वार्ड ही रहेंगे। इस सिलसिले में गठित कमेटी ने ज्यादातर रिपोर्ट तैयार कर ली है। अंतिम रिपोर्ट बनाकर पांच मई तक नगर विकास विभाग को भेजी जाएगी, फिर शासन स्तर से फैसला होगा।
नगर निगम सीमा विस्तार के बाद नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। यह कमेटी नए सिरे से परिसीमन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन प्रावधान के अनुसार किसी भी वार्ड में अधिकतम 15 प्रतिशत आबादी जोड़ी जा सकती है। सुविधा के दृष्टिकोण से इन गांवों को सटे वार्डों से जोड़ दिया गया है। परिसीमन के बाद जो गजट जारी होगा, उसमें इन 32 गांवों को वैधानिक रूप से वार्डों में शामिल किया जाएगा।
नवंबर में हो सकते हैं चुनाव
नगर निगम के चुनाव नवंबर में कराए जा सकते हैं। इस लिहाज से परिसीमन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेयर व पार्षदों के चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी रहता है। हालांकि, चुनाव में एक बार कांग्रेस के पवन बथवाल ने जीत दर्ज की थी। किन्नर आशा देवी ने भी मेयर का चुनाव जीता था।
नगर निगम में शामिल हुई करीब एक लाख की आबादी
32 गांवों के जुड़ने के बाद नगर निगम की आबादी में करीब एक लाख की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, नगर निगम की जनसंख्या 6.82 लाख थी। नई आबादी जुड़ने के बाद आबादी 7.82 लाख हो जाएगी। हालांकि, वर्तमान समय में गोरखपुर की जनसंख्या 14 लाख से ज्यादा है, और गोरखपुर शहर को महानगर का दर्जा हासिल हो चुका है, लेकिन, परिसीमन 2011 की जगनगणना के हिसाब से हो रहा है।
ये है परिसीमन कमेटी
अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणिभूषण तिवारी, ड्राफ्टमैन महंतलाल विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार सतीश श्रीवास्तव एवं राजस्व निरीक्षक रामसूचित, अवध किशोर श्रीवास्तव, अनिल सिंह।
उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार के नियमानुसार, 6,00,001 से ज्यादा और नौ लाख रुपये से कम जनसंख्या वाले नगर निगम क्षेत्र में वार्डों की संख्या मात्र 70 ही रहेगी। परिसीमन का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। कमेटी पांच मई तक रिपोर्ट शासन को भेज देगी।
फिलहाल वार्डों में शामिल हुए ये गांव
- वार्ड संख्या 01 (महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-1) -सिक्टौर तप्पा हवेली
- वार्ड संख्या 02 (सेमरा)- हरसेवकपुर नंबर दो
- वार्ड संख्या 03 (इंजीनियरिंग कॉलेज) -रानीडीहा, खोराबार उर्फ सूबा बाजार, जंगल सिकरी उर्फ खोराबार,
- वार्ड संख्या 04 (मानबेला)-करमहा उर्फ कम्हरिया, गुलरिहा, मुंडिला उर्फ मुंडेरा, मिर्जापुर तप्पा खुटहन, उमरपुर तप्पा खुटहन ,
- वार्ड संख्या 08 (जंगल बेनी माधव) -संझाई तप्पा कस्बा, जंगल बहादुर अली, नुरुद्दीन चक, चकरा दोयम,
- वार्ड संख्या 10 (राजेंद्र नगर पश्चिमी)- लक्ष्मीपुर तप्पा कस्बा
- वार्ड संख्या 13 (शिवपुर शहबाजगंज)- जंगल हकीम नंबर-2, जंगल तिकोनिया नंबर-1
- वार्ड संख्या 15 (गोपलापुर) - गायघाट खुर्द, मनहट, गाय घाट बुजुर्ग
- वार्ड संख्या 30 (महेवा) -पिपरा तप्पा हवेली, कठवतिया उर्फ कठउर,
- वार्ड संख्या 60 (रुस्तमपुर)- भरवलिया बुजुर्ग, झरवा
- वार्ड संख्या 65 (महुई सुघरपुर)- कजाकपुर, बड़गो, पथरा, बाघरानी, सेमरा देवी प्रसाद, रामपुर तप्पा हवेली, सेंदुली-बिंदुली