न्याय के लिए डेढ़ माह से भटक रहा था पीड़ित परिवार, युवती ने कलाई की नस काटी तो टूटी पुलिस की नींद
महराजगंज जिले में कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की लज्जा भंग के मामले में कार्रवाई करने में पुलिस ने शुरू से ही लापरवाही बरती। पुलिस की नींद तब टूटी जब पीड़िता ने कलाई की नस काट ली।
पीड़िता की मां का कहना है कि बृहस्पतिवार को युवती जब नस काट काट ली तो उसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि नस काटने के पहले ही आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था।
कोठीभार थाने की पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपियों के हौसले बुलंद थे। आरोप है कि समझौता का दबाव बनाने के लिए बीते मंगलवार को आरोपितों ने पीड़िता व परिजनों की गांव के चौराहे पर पिटाई कर दी। इस घटना से आहत युवती ने बृहस्पतिवार की देर शाम अपनी कलाई की नस काट ली। उसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। हालांकि अब भी चार आरोपित शख्स पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है। इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एएसपी को जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य आरोपित को जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश में टीम में लगी है। थाने स्तर से कहां लापरवाही हुई, उसकी जांच की जा रही है। युवती का हालत ठीक है।
पीड़िता जिला अस्पताल में भर्ती, हालत सामान्य
बृहस्पतिवार की देर शाम पीड़ित युवती ने आरोपितों की धमकियों से क्षुब्ध होकर अपनी कलाई की नस काट ली थी। उसे आनन-फानन में परिजनों ने सिसवा सीएचसी पर भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। हालांकि इस घटना से पीड़ित परिवार सहमा है।
आरोपियों पर पूर्व में भी लगा था छेड़छाड़ का आरोप
आरोपियों की हरकतों से गांव के कई अन्य लोग भी परेशान हैं। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि सभी आरोपित दबंग किस्म के हैं, जो आए दिन मारपीट करते हैं। उनके डर के कारण कोई भी कुछ बोलने की जहमत नहीं उठता।
लोगों के मुताबिक, आरोपियों ने पिछले साल सावन के दौरान मधवलियां शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने जा रही कुछ युवतियों के साथ छेड़खानी की थी। उसके बाद मारपीट हुई थी। कोठीभार थाने में शिकायत की गई तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को रफा-दफा करा दिया था।
मुख्य आरोपी की पुलिसकर्मियों से खूब बनती थी
न्याय के लिए डेढ़ माह से भटक रहा था पीड़ित परिवार
पीड़िता की मां ने बताया कि विगत 17 अगस्त को उनकी बेटी के साथ लज्जा भंग का प्रयास किया गया था। इस मामले में पूर्ववर्ती थानाध्यक्ष ने घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपितों पर महज मारपीट के मामले में कार्रवाई की थी। उसके बाद पीड़ित और उसके परिवार के सदस्य न्याय के लिए आठ बार थाने का चक्कर लगाए। फिर भी आरोपियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे थे। इसी बीच आरोपितों ने पीड़िता की मां के चचेरे ससुर व देवर को पीटकर घायल कर दिया था। वहीं बृहस्पतिवार को इससे आहत उनकी बेटी ने कलाई की नस काट ली।
पुलिस बोली, आरोपियों की तलाश जारी
कोठीभार थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत यादव ने बताया कि लज्जा भंग के मुख्य आरोपी राजमोहन को शेषपुर जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे ही गिरफ्तार कर लिया गया। वह जेल भेजा जा चुका है। बाकी चारों आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सीओ निचलौल देवेंद्र कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रात में दबिश दी गई। पुलिस टीम तेजी से काम कर रही है। जिस आरोपी पर जो धारा लगाई गई है, उसी के मुताबिक कार्रवाई होगी। पीड़िता के गांव व इलाके में बिना वर्दी वाले भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।