घर के बाथरूम में दवा कारोबारी की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थति में मौत, जांच में जुटी पुलिस
- घर के बाथरूम में दवा कारोबारी की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थति में मौत
- सीने पर दो और एक गोली सिर में लगी, पुलिस ने बताया खुदकुशी
- खुदकुशी पर संदेह के कई कारण, फोरेंसिंक एक्सपर्ट दिखा सकते हैं सही रास्ता
- घरवाले बोले, अवसाद में आकर सईद ने की है खुदकुशी
विस्तार
कोतवाली इलाके के नखास में एक दवा कारोबारी की घर के बेडरूम से अटैच बाथरूम में गोली लगने से संदिग्ध परिस्थति मेें मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार की रात बारह बजे के करीब की बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात है कि मृतक के शरीर पर गोलियों के तीन जख्म मिले हैं। दो गोली सीने में और एक कनपटी पर लगी है।
पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे खुदकुशी का मामला बताया है, तर्क यह है कि बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। हालांकि उसी बंद बेडरूम में घुसकर अंदर से बंद दरवाजा खोलने के लिए कारोबारी के बेटे ने रसोई की खिड़की का रास्ता लिया था। बेटे का कहना है कि अब्बू अवसाद में थे और उन्होंने गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर के रहने वाले सईद अहमद (54) की टाउनहाल पर दुकान है। इसे उन्होंने किराए पर दिया है। उसमें मेडिसिन केयर नाम से दवा की दुकान चलती है। बृहस्पतिवार की आधी रात को सईद का शव उनके बाथरूम में मिला। शरीर में तीन गोलियां लगी थीं।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को सईद के इकलौते बेटे अनस ने बताया कि दो साल पहले मां की मौत के बाद से अब्बू डिप्रेशन में चले गए। उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार की रात में 12 बजे के बाद एक के बाद एक तीन गोलियां चलने की आवाज सुनी तो पहले लगा कि बाहर पटाखा फोड़ा गया है। बाहर गया तो कुछ नहीं था।
अंदर से बंद था दरवाजा...
मकान में अंदर अब्बू के कमरे की तरफ गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। इस बीच घर के अन्य सदस्य भी आ गए। कमरे तक जाने के लिए किचन की खिड़की का इस्तेमाल किया गया। अंदर जाने पर कमरे का मुख्य दरवाजा खुला था। कमरे से अटैच बाथरूम का दरवाजा भी खुला था। बाथरूम के फर्श पर पिता का शव पड़ा मिला।
दाहिने हाथ में पिस्टल था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बेडरूम का दरवाजा खुला हुआ था। उधर, मौके पर पहुंचे नखास चौकी इंचार्ज अवधेश मिश्रा ने अधिकारियों को सूचना दी और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि दो गोली सीने पर लगने के बाद शरीर को भेदते हुए बाहर निकल गई और कनपटी में लगी गोली अंदर फंसी थी।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि प्रथमदृष्टया तो मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। सईद पिछले कुछ महीनों से अवसाद में चल रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। कमरा भी अंदर से बंद था। उन्होंने पहले भी खुदकुशी की कोशिश की थी। पीएम रिपोर्ट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।