गोरखपुर: पशु तस्करों के सरगना को पुलिस ने बिहार में दबोचा, कई दिनों से चल रही थी तलाश
गुलरिहा इलाके में तीन जनवरी को पशु तस्करों ने पुलिस पर हमला कर लूटा था मोबाइल फोन, गिरफ्तारी के लिए गठित की गई थी पुलिस की विशेष टीम।
विस्तार
गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके में पुलिस पर फायरिंग कर मोबाइल फोन लूटने वाले पशु तस्करों के सरगना को रविवार को पुलिस ने सिवान, बिहार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने गई विशेष टीम को भी सरगना के साथियों ने घेर लिया था। पुलिस खुद को बचाते हुए, उसे लेकर गोरखपुर पहुंची। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। खबर है कि तस्करों के स्थानीय लोग भी मददगार थे, उनकी पहचान की जा रही है।
आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी मिंटू अली (36) के रूप में हुई। एसपी सिटी सोनम कुमार ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए, बदमाश के बारे में जानकारी दी। बताया कि तीन जनवरी की रात में पीआरवी 0331 के कमांडर देवीशंकर यादव, सब कमांडर चंद्रकला कन्नौजिया, वंदना और चालक राधेश्याम तिवारी ड्यूटी पर थे।
एक पिकअप में संदिग्धों के होने पर पुलिस ने उसे चेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पिकअप से तीन चार लोग उतरे और जान माल की धमकी दी। साथ ही पथराव करते हुए, फायरिंग करने लगे। बदमाश, पुलिस जीप से मोबाइल फोन, करीब 500 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ में सरगना की पहचान हुई थी, जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने विशेष टीम गठित की थी।
बिहार में बस रोककर पुलिस टीम की बदमाशों ने की थी घेराबंदी
गिरफ्तारी के लिए बिहार गई पुलिस टीम के जान पर एक बार फिर बन आई थी। मिंटू अली को पुलिस ने जैसे ही गिरफ्तार किया, उसके साथी एक बस लेकर पुलिस जीप के सामने आ गए, जिससे जीप रुक गई और फिर बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और मिंटू को लोकल पुलिस की मदद से हिरासत में लेकर गोरखपुर आई।
रुपये की लालच देकर लोकल युवाओं की लेते हैं मदद
आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि सरगना मिंटू गोरखपुर और आसपास के युवाओं को रुपये की लालच देकर पशु तस्करी के काम में लगाता था।
कोलकाता में बेची जाती है गोरखपुर की गाय
गोरखपुर से गाय चोरी करने के बाद, तस्कर उसे बिहार के मिंटू के घर ले जाते हैं। वहां पर बाकायदा इसे रखने की व्यवस्था की गई है। फिर वहां से कोलकाता ले जाकर बेच दिया जाता है। इस तरह से यह पूरा धंधा चलता है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि तस्करों के पूरे नेटवर्क पर पुलिस काम कर रही है, जल्द ही इसमें शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।