गोरखपुर: मामूली बात से नाराज होकर मनबढ़ों ने टीटीई को दौड़ाकर पीटा, केस दर्ज
- रेलवे स्टेशन परिसर में मनबढ़ों ने टीटीई को दौड़ाकर पीटा
- मौके से एक पकड़ा गया, पांच के खिलाफ केस दर्ज
- आरोपित की ओर से भी दी गई टीटीई के खिलाफ तहरीर
विस्तार
रेलवे स्टेशन परिसर में एक ठेकेदार के लोगों ने ड्यूटी पर तैनात टीटीई अनिल सिंह को जमकर पीटा। लात-घूंसों से पिटाई के बाद मन नहीं भरा तो गाड़ी से लाठी निकालकर पिटाई शुरू कर दी। साथी को पिटता देख कुछ टीटीई पहुंच गए और मनबढ़ों में से एक को पकड़ लिया।
पीड़ित टीटीई की तहरीर पर जीआरपी ने आरोपित दीपक प्रजापति और चार अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं आरोपी दीपक ने भी टीटीई के खिलाफ तहरीर दी है।
पीड़ित टीटीई अनिल सिंह ने तहरीर में लिखा है कि मंगलवार करीब डेढ़ बजे के करीब वह दवा लेने सर्कुलेटिंग एरिया में अपनी स्कूटी से पहुंचे थे।
इसी बीच बायीं ओर से तेज रफ्तार में एक स्कार्पियो आई और स्कूटी से सटाकर ब्रेक लगाया। उन्होंने ड्राइवर से सिर्फ यह पूछा कि इतनी तेज गाड़ी क्यों चला रहे हो। इतना पूछते ही गाड़ी में से तीन लड़के निकले और गाली देने लगे।
इसका विरोध किया तो पिटाई करने लगे। बचकर भागने की कोशिश की तो दौड़ाकर पकड़ लिया और लाठी से पीटने लगे। वर्दी फाड़ दी और बिल्ला नोच लिया। साथियों ने पहुंचकर जान बचाई। टीटीई ने ड्राइवर दीपक प्रजापति को पकड़ने के बाद उसे आरपीएफ को सौंप दिया। मारपीट करने वाले परिसर में इलेक्ट्रिक का काम करने वाले ठेकेदार के लोग बताए जा रहे हैं।
आरोपित ने भी दी तहरीर
टीटीई अनिल सिंह की पिटाई के आरोपित दीपक प्रजापति ने भी जीआरपी में तहरीर दी है। घटना के बाद दीपक के सहयोगी और ठेकेदार पहुंच गए। रात करीब आठ बजे दीपक की ओर से दी गई तहरीर में टीटीई के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया गया है। हालांकि देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
रेल यूनियन का प्रदर्शन, ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग
टीटीई की पिटाई की सूचना पाते ही कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी पहुंच गए। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के के महामंत्री विनोद कुमार राय ने घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों को देकर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।
प्रवक्ता एके सिंह ने कहा कि रेलवे परिसर में गुंडों का वर्चस्व बढ़ गया है। ठेकेदारों के लोग आए दिन मारपीट कर रहे हैं। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन शुरू होगा।
वहीं जीआरपी थाने पहुंचे एनई रेलवे मजदूर यूनियन के संयुक्त महामंत्री ओंकार सिंह, केंद्रीय कोषाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, संजय मालवीय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। डीआरएम से रेल परिसर में अराजक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई। नेताओं ने दो दिन में अन्य आरोपितों के गिरफ्तारी की मांग की है।