Gorakhpur News: मेडिकल काॅलेज के पास मजदूर से 49 हजार की लूट, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित का कहना है कि बैंक में दोनों बदमाश आगे-पीछे लाइन में लगे थे। एक बदमाश पीड़ित के कंधे पर हाथ रखकर अपने साथी से बात कर रहा था। गुलरिहा थाना प्रभारी जेएन शुक्ला ने बताया कि घटना की पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
बीआरडी मेडिकल काॅलेज के उत्तरी गेट और पोस्टमार्टम हाउस के बीच मजदूर से बुधवार को दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े 49 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है। हालांकि, पुलिस लूट की घटना को टप्पेबाजी बता रही है।
जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर टोला हीरागंज निवासी ज्ञान गौड़ पेंट-पालिश का काम करता है। उसने किसी से रुपये उधार ले रखा था। रुपये लौटने के लिए उसे मेडिकल कॉलेज के पास बुलाया गया था। वह बुधवार की सुबह झुंगिया बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 49 हजार रुपये निकालकर मेडिकल काॅलेज की तरफ पैदल जा रहा था।
दोपहर करीब 12 बजे मेडिकल काॅलेज के उत्तरी गेट और पोस्टमार्टम हाउस के बीच पीछे से दो बदमाश पैदल आए और एक ने पीड़ित का पीछे से दोनों हाथ पकड़ लिया। दूसरे ने बाएं तरफ पैंट की जेब में रखा 49 हजार रुपये छीनकर फोरलेन के पश्चिमी पटरी पर डिवाइडर कूदकर दोनों बदमाश फर्टिलाइजर की तरफ भाग गए।
पीड़ित का कहना है कि बैंक में दोनों बदमाश आगे-पीछे लाइन में लगे थे। एक बदमाश पीड़ित के कंधे पर हाथ रखकर अपने साथी से बात कर रहा था। गुलरिहा थाना प्रभारी जेएन शुक्ला ने बताया कि घटना की पुलिस जांच कर रही है।
सर्राफा से 34 हजार रुपये लूट का केस दर्ज
रामपुर गांव निवासी सर्राफा व्यापारी अनिल वर्मा ने लूट का केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि सोमवार की शाम विकास भारती चौराहा स्थित अपनी दुकान बंद कर लौट रहे थे। मास्क पहने दो लोगों ने गोली मारने की धमकी देकर डिकी तोड़कर उसमें रखा 34 रुपये हजार लूट लिया। मंगलवार की शाम पुलिस ने केस दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। अनिल ने बताया कि शोर सुनकर गांव वाले जुट गए। झोले लिपटा डिकी में रखा आभूषण बच गया। थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कहीं दिख नहीं रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला लूट के प्रयास का है। शीघ्र पर्दाफाश कर दिया जाएगा।