UP News: गोरखपुर में बोले सीएम योगी, क्रांतिवीरों की प्रेरणा से काम कर रही डबल इंजन की सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार क्रांतिवीरों की प्रेरणा से कार्य कर रही है। हर नागरिक का दायित्व है कि वह क्रांतिकारियों के सपनों के अनुरूप ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बनाने के लिए पीएम मोदी के दिलाए गए पंच प्रणों से जुड़कर खुद को तैयार करे।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार शाम काकोरी बलिदान दिवस पर दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित देश के सबसे बड़े ड्रोन शो में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में उभरा है। यह हर नागरिक के लिए गौरव का विषय है कि अपना देश 200 वर्षों तक शासन करने वाले ब्रिटेन को पीछे छोड़कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रणों में से एक कि हर भारतीय गुलामी के अंशों को सर्वथा समाप्त करेगा और विरासत का सम्मान करेगा, इसी प्रेरणा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ का नव्य, भव्य और दिव्य स्वरूप हो या बलिदानियों से जुड़े स्थलों पर भव्य स्मारकों का निर्माण, यह विरासत के प्रति सम्मान का ही प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश में क्रांतिकारियों की प्रेरणा को जीवंत बनाने के लिए अनेक कदम उठा रही है। गोरखपुर जेल में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल का भव्य स्मारक बनाया गया है। गोरखपुर चिड़ियाघर का नाम अमर बलिदानी अशफाक उल्ला खां के नाम पर रखा गया है। गोरखपुर में ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्र का नाम अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर रखा गया है। गोरखपुर के बड़हलगंज में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज का नाम स्वतंत्रता के अमर सेनानी राजा हरिप्रसाद मल्ल के नाम पर रखा गया है।
क्रांति की हर गाथा का गवाह है उत्तर प्रदेश : सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी की लड़ाई में उत्तर प्रदेश क्रांति की हर गाथा का गवाह है। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 से लेकर 1947 में देश को आजादी मिलने तक उत्तर प्रदेश का कोई जिला या कस्बा ऐसा नहीं था, जिसने आजादी के आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भाग न लिया हो।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार की शाम को काकोरी बलिदान दिवस पर दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। काकोरी ट्रेन एक्शन के नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद समेत सभी ज्ञात-अज्ञात अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम उत्तर प्रदेश की धरती के लाल मंगल पांडेय की हुंकार से बैरकपुर में प्रारंभ हुआ।
गोरखपुर में अमर बलिदानी बंधु सिंह ने उसी क्रांति की लौ को आगे बढ़ाया। रानी लक्ष्मीबाई ने झांसी से तो धन सिंह कोतवाल ने मेरठ से क्रांति के इस अभियान से जुड़े। 1922 में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ किसानों, मजदूरों, नौजवानों व आम जनता ने चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना को अंजाम दिया। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान डोहरिया में ऐतिहासिक आंदोलन हुआ।
कार्यक्रम में आभार ज्ञापन प्रमुख सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) मुकेश मेश्राम ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, मेयर सीताराम जायसवाल, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, डॉ विमलेश पासवान, युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
ऑस्ट्रेलिया भी चाहता है योगी जैसा सीएम : जयवीर सिंह
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि क्रांतिकारियों और महान तपस्वियों की धरा गोरखपुर में देश का सबसे बड़ा व भव्य ड्रोन शो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संभव हुआ है। उनके नेतृत्व में प्रदेश हर मोर्चे पर तेजी से प्रगति कर रहा है। यह देखकर ऑस्ट्रेलिया जैसा देश अपने यहां योगी जैसा नेता चाहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी की डबल इंजन सरकार ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को विश्व फलक पर स्थापित किया है। पूरी दुनिया में बुलडोजर बाबा के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री योगी के नाम से अपराधी डरते हैं। सुरक्षा के माहौल में प्रदेश विकास के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनेगा।
यूपी की धरती पर नहीं हुआ ऐसा ड्रोन शो
सांसद रवि किशन ने कहा कि यूपी की धरती पर ऐसा भव्य ड्रोन शो कभी नहीं हुआ था। इसका साक्षी बनना गोरखपुर के लोगों का सौभाग्य है। सांसद ने भोजपुरी में कहा कि अभी तवांग में चीन के बढ़िया से कुटाई भइल। ई देखि के पाकिस्तान बिलबिला ता।