फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi will give development plans to every gorakhpur assembly constituency

UP NEWS: सीएम योगी ने 208 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- साल 2024 तक UP में इंसेफेलाइटिस का समूल नाश

Wed, 13 Jul 2022 10:58 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Published by: vivek shukla Updated Wed, 13 Jul 2022 10:58 AM IST
सार

मुख्यमंत्री 464 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। गोरखपुर में आज 181 विकास कार्यों का लोकार्पण व 27 कार्यो का शिलान्यास हुआ।

विज्ञापन
CM Yogi will give development plans to every gorakhpur assembly constituency
सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने की छूट हर पात्र को है, लेकिन कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी गई है। केंद्र व प्रदेश की सरकार इन्हीं संकल्पों के साथ विकास के माध्यम से हर एक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का हर संभव प्रयास कर रही है। परिणाम भी सबके सामने है।   

विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर क्लब में 464 करोड़ रुपये की लागत वाली 208 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो सालों में सामूहिक प्रयासों की बदौलत इंसेफेलाइटिस का समूल नाश करने में सफलता प्राप्त करेंगे। 1977 से 2017 तक जुलाई से नवंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश की जनता दिमागी बुखार को लेकर सशंकित रहती थी। पहले की सरकारों में इसे लेकर संवेदना नहीं थी।
विज्ञापन




अब शासन, प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयासों से इंसेफेलाइटिस पर 95 प्रतिशत नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। यह इस बात को भी प्रमाणित करता है कि लोक स्वास्थ्य केवल स्वास्थ्य विभाग का मामला नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की दिनचर्या में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल व जागरूकता का भी बहुत महत्व है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हमें लापरवाह नहीं होना है। अनुशासित जीवन के साथ ऐसे ही सामूहिक प्रयास करते रहना है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मिले एम्स गोरखपुर और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध बेहतरीन सुविधाओं का भी जिक्र किया।  
विज्ञापन
विज्ञापन

 

मानसून की देरी पर यूपी सरकार सतर्क

मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन के खतरों का जिक्र किया और कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मानसून आने में एक माह की देरी हो गई है। बारिश नहीं होने का प्रभाव फसल चक्र और किसानों की आय पर पड़ेगा। इसलिए सरकार सतर्क है। अपने स्तर पर व्यवस्थाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम पर एक पौधा जरूर लगाएं। जलवायु परिवर्तन में वनों की अनियमित कटान एक बड़ा कारक है। हम अभी सतर्क नहीं हुए तो प्रकृति के विपरीत आचरण का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अधिकाधिक पौधरोपण प्रकृति के घाव पर मरहम के समान होगा। उन्होंने पीपल, बरगद, आम, जामुन, पाकड़, अर्जुन जैसे औषधीय व छायादार पौधों को लगाने की अपील की।

जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए नई ऊंचाइयों पर पहुंचा गोरखपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए गोरखपुर नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। खाद कारखाने में उत्पादन शुरू हो गया। 750 से अधिक बेड के साथ एम्स, पूर्वांचल के लोगों की चिकित्सा सेवा कर रहा है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज चिकित्सा का बेहतरीन केंद्र बनकर उभरा है। सड़कों का चौड़ीकरण हो या सुचारू विद्युत आपूर्ति। बाढ़ सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर की अनेक छोटी-बड़ी योजनाएं व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ी हैं। सरकार योजनाओं के लिए बजट देती है, अधिकारी उन योजनाओं को क्रियान्वित करते हैं लेकिन, विकास कार्यों के संरक्षण का दायित्व जनता का है। जनता जब अपने दायित्व से जुड़ेगी तो यह शहर और प्रदेश, देश में अग्रणी बनेगा।

 

दिवाली-होली पर 1.67 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क रसोई गैस

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.67 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। अब सरकार इन कनेक्शनधारियों को दिवाली व होली में मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर भी देने जा रही है। पहले की सरकारें भी योजनाएं बनाती थीं, लेकिन इसकी जानकारी लाभार्थियों को नहीं होती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में न केवल जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई गईं,  बल्कि उनका लाभ बिना जाति, मत, मजहब, क्षेत्र के भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया गया। बीते 5 साल में प्रदेश में 45 लाख गरीबों के आवास बनाए गए। 8.30 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम निधि योजना का लाभ दिलाते हुए व्यवस्थित किया गया। 1

कोई गरीब भूखा नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट की चर्चा की और कहा कि वह एक ऐसा दौर था, जब अपनों ने भी मुंह मोड़ लिया था। उस समय भी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में यूपी सरकार ने पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता से नागरिकों के जीवन व जीविका को बचाने का भरसक प्रयास कर रही थी। मुफ्त टेस्ट, मुफ्त उपचार व मुफ्त वैक्सीन की सुविधा दी गई। अब तक उत्तर प्रदेश में 34 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। यही नहीं यूपी में दो-दो बार मुफ्त राशन भी प्रदान किया गया। यूपी ऐसा पहला राज्य है, जहां मुफ्त राशन के साथ दाल, तेल, नमक और अंत्योदय कार्ड धारकों को मुफ्त चीनी भी दी जा रही है। सरकार का यह संकल्प है कि आपदा का सामना करेंगे, लेकिन कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा।

 

आजादी के अमृत महोत्सव में बनाएं अगले 25 वर्ष की कार्य योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष मना रहे हैं। 15 अगस्त 2022 को आजादी के 75 वर्ष पूरे होंगे और हमें इस उत्सव में सहभागी बनना है। आजादी का अमृत महोत्सव यादगार बने, इसके लिए हमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सेनानियों के सम्मान जैसे कार्यों से जुड़कर अगले 25 वर्ष की कार्य योजना भी बनानी चाहिए। अगले 25 वर्षों के लिए सरकार का संकल्प ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करते हुए भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाने का है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कैसा गांव, मोहल्ला, प्रदेश, देश व समाज देखना चाहते हैं, इस मुहिम से जनता को जुड़ना चाहिए। 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा लहराया जाएगा। आन, बान, शान और सम्मान का प्रतीक तिरंगा अपने-अपने घरों पर फहराने की तैयारी अभी से शुरू कर दीजिए और स्वच्छता, सेनानी परिजनों के सम्मान, स्कूलों के जीर्णोद्धार जैसी योजनाओं में सहभागी बनिए।

पांच साल से हो रही विकास परियोजनाओं की बारिश: रवि किशन

शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश पर विकास परियोजनाओं की बारिश हो रही है। गोरखपुर में तो अभूतपूर्व व अकल्पनीय विकास हुआ है। रामगढ़ताल फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा स्थान बन चुका है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं । गोरखपुर के विकास की चर्चा पूरे देश में है। स्वागत संबोधन गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह व आभार ज्ञापन मेयर सीताराम जायसवाल ने किया। लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, विधायक श्रीराम चौहान, महेंद्रपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, सरवन निषाद, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, राहुल श्रीवास्तव मौजूद रहे।

 

बच्चों को दुलारा, कराया अन्नप्राशन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन का जीवन सुगम बनाने के लिए उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की। साथ ही बच्चों को दुलार कर अन्नप्राशन कराया। उन्होंने पोषण आहार की टोकरी प्रदान कर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की।

स्टॉलों का निरीक्षण, पात्रों को दिया योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों मसलन कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, शिक्षा आदि की तरफ से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, पीएम आवास योजना, कृषि यंत्र योजना, सीएम आवास योजना ग्रामीण, आयुष्मान भारत योजना, पॉली हाउस योजना, ड्रिप सिंचाई योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन आदि के पात्रों को लाभान्वित किया।

181 विकास कार्यों का लोकार्पण व 27 का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 298 करोड़ 81 लाख 72 हजार रुपये से अधिक की लागत वाली 181 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व 164 करोड़ 77 लाख 95 हजार रुपये से होने वाले 27 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में बांसगांव-उरुवा मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, मानीराम-बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण,गुलरिहा-रामनगर मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, पीपीगंज-अकटहवा-कल्याणपुर-नवापार मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, रोहिन नदी के बाएं तट पर बनरहा तटबंध का सुदृढ़ीकरण व उच्चीकरण, वसुंधरा मोड़ से तुर्रा नाले तक आरसीसी नाले का निर्माण कार्य शामिल है। जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ, उनमें बाढ़ बचाव व सड़क निर्माण की परियोजनाएं भी शामिल हैं।

कलाकारों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग की ओर से कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें से धोबिया लोक नृत्य सल्टूराम गाजीपुर, फरूआही लोक नृत्य छविलाल पाल अंबेडकर नगर और विंध्याचल आजाद, गोरखपुर तथा विविध लोकनृत्य हिना मौर्या की टीम शामिल रही। यह जानकारी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के प्रभारी व उप निदेशक राजकीय बौद्ध संग्रहालय डॉ. मनोज गौतम ने दी।

सावन के पहले दिन मानसरोवर मंदिर के सुंदरीकरण कार्य का होगा लोकार्पण

सावन के पहले दिन यानी 14 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व वाले मानसरोवर शिव मंदिर और वहीं पर स्थित रामलीला मैदान अंधियारी बाग के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे।  

मानसरोवर शिव मंदिर को सजाने-संवारने में 6 करोड रुपए खर्च किए गए हैं। मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, प्रसाधन, 50 लोगों की क्षमता का रैन बसेरा, दो टूरिस्ट शेल्टर, परिसर स्थित सरोवर पर रेड स्टोन रेलिंग, हवन कुंड, रेड स्टोन पाथवे, उद्यान, महिला-पुरुष व दिव्यांगजन के लिए टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग, बाउंड्री वाल का निर्माण, लैंडस्कैपिंग, प्रवेश द्वार, पार्किंग के निर्माण के साथ ही सोलर पैनल तथा विक्टोरिया व गार्डन लाइट लगाए गए हैं।

इसी तरह मानसरोवर शिव मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान (अंधियारीबाग) का जीर्णोद्धार तथा सुंदरीकरण 1. 64 करोड़ रुपए की लागत से कराया गया है। रामलीला के लिए मंच, ग्रीन रूम, बाउंड्रीवाल, टॉयलेट ब्लॉक, उद्यान, दो प्रवेश द्वार बनाने के साथ ही लैंडस्कैपिंग भी कराई गई है। रामलीला मैदान में स्थित डॉ बीआर आंबेडकर की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण भी कराया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed