{"_id":"5e07af668ebc3e87943c18a2","slug":"cm-yogi-warn-to-chaotic-alements-in-gorakhpur-gorakhpur-city-news-gkp3350800178","type":"story","status":"publish","title_hn":"योगी की चेतावनीः अराजक तत्व सुधरेंगे तो अच्छा, नहीं तो अपनी मनचाही यात्रा पर जाएंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
योगी की चेतावनीः अराजक तत्व सुधरेंगे तो अच्छा, नहीं तो अपनी मनचाही यात्रा पर जाएंगे
Sun, 29 Dec 2019 01:09 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 29 Dec 2019 01:09 AM IST
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिकता कानून का विरोध करते हुए उपद्रव करने वालों को गोरखपुर से भी कड़ा संदेश दिया। दो टूक शब्दों में कहा कि नकारात्मक मानसिकता के अराजकतत्व अगर सुधरेंगे तो अच्छा, नहीं तो उन्हें उनकी मनचाही यात्रा पर भेजा जाएगा। कहा कि नकारात्मक सोच से किसी का विकास नही हो सकता। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री शनिवार को शहर के जुबिली इंटर कॉलेज में 185 करोड़ की 20 परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के मौके पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, अफ गानिस्तान एवं बांग्लादेश के पीड़ित और प्रताड़ित वे लोग, जिन्होंने भारत में शरण ली थी, उन्हें नागरिकता देने के लिए सरकार की ओर से कानून लाया गया है।
विज्ञापन
यह कानून भारतीय संस्कृति की मानवता के प्रति उन वचनवद्धताओं को दोहराता है, जिसमें शरण में आए लोगों की रक्षा करना धर्म बताया गया है। मगर कुछ लोगों को गुमराह करके आगजनी, सड़क पर तोड़फोड़-उपद्रव का प्रयास किया जा रहा है जिसे सरकार सफल नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति जलाने वालों से क्षति की वसूली की जाएगी।
विज्ञापन
इस अवसर पर महापौर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, विधायक खजनी संत प्रसाद, विधायक सहजनवां शीतल पांडेय, विधायक पिपराइच महेन्द्रपाल सिंह, विधायक चौरीचौरा संगीता यादव, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौैधरी, उपाध्यक्ष युवा कल्याण आयोग विभ्राट चंद कौशिक, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कमिश्नर जयन्त नार्लिकर, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
जाति-मजहब देखकर योजनाओं का लाभ नहीं देती सरकार
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार भेदभाव नहीं करती। सरकार चेहरा, जाति और मजहब देखकर लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं देती। ऐसे में देश के हित में बनने वाले कानून के विरोध के नाम पर सार्वजनिक संपत्ति जलाने की इजाजत भी किसी को नहीं दी जा सकती है। सार्वजनिक संपत्ति किसी व्यक्ति की नहीं होती है। हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
देश के खिलाफ साजिश करने वालों के बहकावे में न आएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा हालात पर शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थाओं में संवाद की जरूरत है। भारत के खिलाफ साजिश करने वालों के बहकावे में न आएं। शिक्षण संस्थाओं में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो भारत की जनता के टैक्स से पलते हैं और भारत के खिलाफ ही नारेबाजी का कुत्सित प्रयास करते हैं। बीच के दौर में कई संस्थानों से शिकायत मिल रही थी। कुछ संस्थाओं ने तो भारत विरोधी मुहिम चलाना ही अपना युगधर्म समझ लिया है। हर अच्छे कार्य एवं देश हित में बनने वाले कानून का विरोध उन संस्थाओं में होता है। वे भारत के पैसे से पलेंगे, भारत के पैसे से आगे बढ़ेंगे और भारत के पैसे से ही भारत के खिलाफ षडयंत्र भी करेंगे, यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
दो फरवरी से हर स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला
मुख्यमंत्री ने बताया कि दो फरवरी 2020 से हर रविवार को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला का आयोजन किया जाएगा। इसे लोककल्याण का कार्यक्रम मानकर सभी सरकारी डॉक्टरों के अलावा प्राइवेट डॉक्टर भी अपनी सेवा दें। इस मेले में निश्शुल्क इलाज के साथ ही दवाओं का भी वितरण होगा। इससे छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और एम्स नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अगर किसी की हालत गंभीर मिली तो उसे मेले से ले जाकर जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की भी व्यवस्था होगी। इसके लिए पर्याप्त एंबुलेंस का इंतजाम किया गया है।