फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   cm Yogi adityanath Rally in Gorakhpur Basti Mandal

गोरखपुर में बोले सीएम योगी: रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों से हाथ नहीं मिलाएगा निषाद समाज

Mon, 28 Feb 2022 12:34 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर/महराजगंज
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर/महराजगंज Published by: vivek shukla Updated Mon, 28 Feb 2022 12:34 PM IST
सार

सीएम योगी ने रविवार को कैंपियरगंज के जेपी इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी फतेहबहादुर सिंह के पक्ष में आयोजित चुनावी जन सभा के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंपियरगंज का विकास, गोरखपुर के मुद्दे को लेकर फतेहबहादुर सिंह समर्पित हैं।

विज्ञापन
cm Yogi adityanath Rally in Gorakhpur Basti Mandal
कैंपियरगंज में सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर-बस्ती मंडल में ताबड़तोड़ जनसभाएं की हैं। कैंपियरगंज की जनसभा में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और निषाद मतदाताओं को साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता त्रेता युग से थी। निषाद समाज, रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों से हाथ नहीं मिलाएगा। उन्होंने कहा कि रामकाज कौन कर रहा है? अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण कौन सरकार करवा रही है? यह सब आपको पता है। सपा और बसपा राममंदिर नहीं बनवाएंगे। श्रृंगवेदपुरम में निषादराज की भव्य प्रतिमा बनवाई जा रही है। निषाद समाज को सावधान रहने की जरूरत है। जो लोग रामभक्तों पर गोली चलवा सकते हैं, वे किसी का भला नहीं कर सकते हैं।

विज्ञापन

कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र

‘इत्र वाले मित्र की तिजोरी में कैद करते थे विकास-गरीब कल्याण का पैसा’

सड़क, बिजली, पानी और गरीबों के कल्याण का एजेंडा विपक्ष को रास नहीं आ रहा है। सपा नारे सबके साथ का लगाती थी, लेकिन काम सैफई खानदान के विकास का करती थी। सरकार की नीयत में ही संदेह था। गरीबों और विकास का पैसा पेशेवर अपराधी, माफिया या फिर इत्र वाले मित्र की तिजोरी में कैद कर दिया जाता था। इसलिए, इलाज का दूसरा तरीका ढूंढा है। भाजपा सरकार सबका विकास करके सुरक्षा दे रही है। सुरक्षा में किसी ने सेंध लगाने की कोशिश की तो बुलडोजर चलता है। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह रविवार को कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी फतेहबहादुर सिंह के समर्थन में जनसभा कर रहे थे।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि पांचवें चरण के चुनाव के बाद भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत से ज्यादा सीटें जीतने में सफल रही है। छठवें और सातवें चरण के बाद एक बार फिर 300 पार के लक्ष्य को पूरा करके प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने की ओर बढ़ गए हैं। भाजपा की लहर है। यह देखकर विपक्षी दल के नेताओं में विदेश भागने की होड़ मच गई है। 10 व 11 मार्च के टिकट बुक कराए जा रहे हैं। जिनके पास संसाधन है, वे इंग्लैंड जा रहे हैं। कम संसाधन वाले नेपाल भागने की फिराक में हैं। लिहाजा, नेपाल बार्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डबल इंजन की सरकार प्रतिमाह राशन की डबल डोज दे रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन



कहा कि दाल, नमक और तेल भी मिल रहा है। सपा के लोग परेशान हैं कि विकास के लिए पैसा कहां से आ रहा है?  सिक्सलेन सड़क कैसे बन रही है? मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई व डिग्री कॉलेज खुल रहे हैं। स्टेडियम बन रहे हैं। एम्स और खाद कारखाना का निर्माण हो गया। इन लोगों के एजेंडे में विकास नहीं था। विकास के नाम पर सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाया करते थे। हमने विकास का एक यंत्र दिया है, जो हाइवे बनाता है और माफिया की संपत्ति पर चलता भी है। बिजली देने में भेदभाव करते थे। ईद व मोहर्रम पर बिजली आती थी, लेकिन होली और दिवाली पर गायब रहती थी। हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबको पर्याप्त और निर्बाध बिजली दे रही है।

सुख-दुख में गायब रहने वाला अवसरवादी
मुख्यमंत्री ने कैंपियरगंज से सपा प्रत्याशी पर तंज कसा और कहा कि चुनाव से पहले न दिखाई देने वाले चुनाव बाद भी गायब हो जाएंगे। मुंबई चले जाएंगे, लेकिन भाजपा प्रत्याशी फतेहबहादुर सिंह यहीं रहेंगे। वह जनता के हर सुख- दु:ख में सहभागी रहते हैं। कैंपियरगंज का विकास कराते हैं। जनता की आवाज दमदारी से शासन के समक्ष उठाते हैं। इस मौके पर सांसद रवि किशन शुक्ल, भाजपा प्रत्याशी फतेह बहादुर सिंह, उप्र मत्स्य विकास परिषद के अध्यक्ष रमाकांत निषाद, पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य विजय शंकर यादव, निषाद पार्टी के कोषाध्यक्ष रामकिशोर निषाद, ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव आदि मौजूद रहे।

 

गोरखपुर ग्रामीण

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब प्रदेश माफिया, अपराधी व भ्रष्टाचारियों के हाथों लुटने से बचेगा, तभी चारों तरफ विकास कार्य हो सकेगा। भाजपा सरकार ने बुलडोजर का बेहतरीन उपयोग किया है। दमदार सरकार फिर बनेगी। बुलडोजर का इस्तेमाल और तेजी से होगा। जो माफिया चुनाव में बिल से बाहर आ गए हैं, उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलेगा।

मुख्यमंत्री रविवार को बेलवार में गोरखपुर ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी विपिन सिंह के समर्थन में जनसभा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। काशी में विश्वनाथ मंदिर का भव्य रूप सबके सामने है। मथुरा-वृंदावन संवार रहे हैं। श्रृंगवेदपुरम में निषादराज गुह्य व बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बन रहा है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। हर तरफ सड़कें बन रही हैं। भरपूर मुफ्त राशन और पर्याप्त बिजली मिल रही है। मुख्यमंत्री ने उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि साफ नियत के साथ तरकुलानी रेगुलेटर का निर्माण कराया गया है। यह रेगुलेटर बाढ़ व जलभराव की चुनौतियों से निजात दिलाएगी।

सपा सरकार रहती तो ब्लैक में बिकती कोरोना वैक्सीन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। सबको मुफ्त जांच, मुफ्त इलाज व मुफ्त वैक्सीन की सुविधा दी है। अगर समाजवादी पार्टी की सरकार रहती तो कोरोना की वैक्सीन को ब्लैक कर दिया जाता। जनसभा में गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक एवं प्रत्याशी विपिन सिंह आदि मौजूद रहे।

सहजनवां और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र

गोरखपुर जिले के नौजवानों को रोजगार की तलाश में अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विकास कार्यक्रमों से जोड़कर युवाओं को नौकरी मुहैया कराई जाएगी। इसका जरिया पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बनेगा।

एक्सप्रेस-वे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार बढ़ेगा। विकास की रफ्तार और तेज होगी। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह रविवार शाम पिपरौली ब्लॉक के जैतपुर में गोरखपुर ग्रामीण व सहजनवां विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विपिन सिंह और प्रदीप शुक्ला के पक्ष में जनसभा कर रहे थे।



 योगी ने कहा कि विकास कैसे होता है। यह पांच वर्षों में सबने देखा है। यह तभी संभव हुआ, जब राज्य में भाजपा की दमदार सरकार है। सपा सरकार ने सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाई थी। इसे सहजनवां व गोरखपुर ग्रामीण की जनता को याद रखना चाहिए। सपा के लोग जब वोट मांगने आएं तो उनसे कहिए कि वोट भी कब्रिस्तान पर जाकर ही मांगें। गोरखपुर की सभी नौ सीटें जीतनी हैं। योगी ने अपने बूथ को भाजपा के पक्ष में संभालने और पहले मतदान फिर जलपान का मंत्र भी दिया। साथ ही कहा कि सहजनवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला पिछले 25 वर्षों से साथ काम कर रहे हैं। उन्हें जीत मिली तो विकास की गंगा बहेगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी, पूर्व विधायक बृजेश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश शुक्ला, डॉक्टर संजय त्रिपाठी मौजूद रहे।
 

चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिल्लूपार व गोरखपुर के युवाओं के सामने जिस माफिया प्रवृत्ति ने पहचान का संकट खड़ा किया था, उसे भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति से ठिकाने लगा दिया गया है। राज्य में माफिया प्रवृत्ति के खिलाफ ऐसा जोरदार माहौल बना है, जिसके चलते पेशेवर माफिया और अपराधी थानों में जाकर माफी मांग रहे हैं। कह रहे हैं कि हमारी जान बक्श दो।

 मुख्यमंत्री योगी ने चिल्लूपार से भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी के समर्थन में रविवार को वीएसवी इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में विकास की नई सोच विकसित हुई है। एक बार फिर चिल्लूपार नई अंगड़ाई ले रहा है। अब गोरखपुर और चिल्लूपार की नई छवि बनी है।


चिल्लूपार को लेकर बना मिथक टूटा है। पेशेवर माफिया और अपराधी नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ग्रहण हैं। युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है, तो माफिया प्रवृत्ति को खत्म करना होगा। अपराधी जान की भीख मांग रहे हैं। यूपी विकास की ओर अग्रसर है। विकास की तमाम योजनाएं शुरू हुई हैं।


बांसगांव विधानसभा क्षेत्र

 भाजपा सरकार सुरक्षा और सम्मान की गारंटी है। साढ़े चार साल तक घरों में छुपे लोग बाहर आ गए हैं। अचानक गर्मी दिखा रहे हैं। जैसे ही चुनाव परिणाम आएंगे, वैसे ही भागने की तैयारी कर लेंगे। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह सोमवार देर शाम बांसगांव से भाजपा प्रत्याशी व विधायक डॉ. विमलेश पासवान के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। योगी ने कहा कि बांसगांव में विकास कार्य कराए गए हैं। गोरखपुर शहर की तरह बांसगांव के चुनाव परिणाम के प्रति निश्चिंत हैं।

जल्द ही कौड़ीराम से वाराणसी की दूरी दो घंटे में तय की जा सकेगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए तीन घंटे में लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलता रहेगा।  गो-माता को कटने नहीं देंगे और अन्नदाता किसानों की फसल को क्षति से भी बचाएंगे।

इस मौके पर बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान, पूर्व सांसद सुभावती पासवान, डीसीएफ के चेयरमैन महंथ सिंह, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, मार्कंडेय राय मौजूद रहे।


महराजगंज में सीएम योगी की रैली

विधानसभा चुनाव में हुए चार चरणों के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह से बहुमत के आंकड़ों को छू लिया है। अगले दो चरणों में भाजपा की सुनामी चलेगी, जिसके डर से तमाम विपक्षी नेताओं ने 10 मार्च के बाद का इंग्लैंड, नेपाल, ब्रिटेन सहित अन्य जगहों का टिकट कटा लिया है। उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महराजगंज के सिसवा विधानसभा के निचलौल शहर में राजा रत्न सेन इंटर कालेज परिसर में आयोजित चुनावी जनसभा में कहीं।
 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बिजली जाति और मजहब को देखकर ईद और मोहर्रम में आती थी, जबकि दीपावली और होली में गुल रहती थी, लेकिन अब भाजपा सरकार में सभी को पर्याप्त बिजली मिल रही है। योगी ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने लोगों की आजीविका और जीवन की रक्षा करते हुए फ्री में उपचार और वैक्सीन देने का काम किया। अगर सपा और बसपा की सरकार होती, तो वैक्सीन बाजारों में बिक गई होती। डबल इंजन की सरकार में लोगों को डबल राशन दिया जा रहा है। पहले की सपा सरकार ने सड़क, पुलिया, कॉलेज, अस्पताल, बिजली की सुविधा देने की जगह केवल सैफई खानदान का विकास किया, लेकिन वर्तमान की सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम कर रही है।
 

सीएम ने कहा कि सरकार बनी तो उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर वर्ष होली और दीवाली में फ्री गैस सिलेंडर मिलेगा। ट्यूबवेल से सिंचाई करने वाले किसानों की बिजली फ्री होगी। बेटी की शादी में अनुदान के रूप में मिलने वाली 51 हजार धनराशि अब एक लाख होगी। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की धनराशि 15 हजार से 25 हजार होगी। वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजनों की पेंशन में डेढ़ गुना बढ़ोत्तरी की जाएगी। मेधावी बेटी को मेरिट के आधार पर फ्री में स्कूटी मिलेगी। दो करोड़ युवाओं को फ्री में टैबलेट और स्मार्ट फोन देने की बात कही।

जनसभा का संचालन अभय मित्र पांडेय ने की। इस दौरान मंच पर जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पाल, पूर्व मंत्री शिवेन्द्र सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अंकित सिंह, प्रेम सागर पटेल, अरुण कुमार जायसवाल, नृपेंद्र विक्रम सिंह, विपिन सिंह,अम्बरीश यादव,अनिल वर्मा, कृष्ण बिहारी पाठक, बैजनाथ सिंह, श्रवण सिंह, अमित जायसवाल, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

बुलडोजर के भय से कांप रहे अपराधी

जनसभा स्थल पर रखे बुलडोजर को देख सीएम योगी उत्साहित दिखे। सीएम ने कहा कि 2017 के पहले बिजली, राशन, गरीबों के आवास का पैसा माफिया ले जाते थे। अब ऐसा नहीं होता है। अगर गरीबों के हक पर कोई डाका डालेगा, तो उसे आगे भी बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त रूप से नकेल कसी जाएगी। उन अपराधियों से रकम वसूल विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का बुलडोजर बाढ़ रोकने, सड़क और एक्सप्रेस वे बनाने के साथ अपराधियों को मिटाने में भी कार्य करता है। बुलडोजर से अपराधी थर-थर कांप रहे हैं।

 

विकास करने के लिए दमदार सरकार की जरूरत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तेजी से विकास करने के लिए प्रदेश में दमदार सरकार की जरूरत है। प्रदेश वही है और प्रशासन भी वही है। पहले दंगे होते थे। कर्फ्यू लगता था। ईद-बकरीद पर बिजली आती थी, लेकिन होली-दिवाली पर गुल रहती थी। बेटियां स्कूल से सुरक्षित घर नहीं आ पाती थी। महिलाएं सड़क पर नहीं निकल पाती थीं। अब न तो दंगे होते हैं और न ही कर्फ्यू लगता है। 

 

बिजली पहले आती नहीं थी अब जाती नहीं

योगी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से बिजली की भरपूर आपूर्ति को लेकर संवाद किया। सीएम ने सवाल किया, 2017 के पहले बिजली आती थी क्या? जनता के बीच से एक स्वर में जवाब मिला-नहीं। मुख्यमंत्री ने फिर पूछा कि अब आती है या नहीं। आवाज गूंजी-हां। इस पर सीएम ने कहा पहले बिजली आती नहीं थी। अब जाती नहीं है। योगी ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि अभी तो शुरुआत है। आगे बहुत सी सौगातें मिलने वाली हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed