सीएम से मिला प्रधान संघ का प्रतिनिधि मंडल, योगी ने भाजपा नेताओं के साथ की बैठक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में भाजपा के नेताओं और हिंदू युवा वाहिनी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महानगर में किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली।
सीएम ने कहा कि महानगर में सड़क एवं नाली निर्माण के 162 से अधिक प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। सभी कार्य ग्रामीण अभियंत्रण सेवा एवं डूडा की ओर से कराए जाएंगे। शिलान्यास के ढाई महीने के भीतर इन कार्यों को पूरा करना होगा। पदाधिकारियों से कहा कि वार्ड के प्रमुख लोगों के उपस्थिति में विकास कार्यों का शिलान्यास कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांस बल्ली पर लटकने वाले तारों को बदलने का आदेश बिजली विभाग को दे दिया गया है। ड्रेनेज सिस्टम का डीपीआर तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सीएम के विशेष सचिव ने लिया प्रार्थना पत्र
बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, हियुवा के प्रदेश महामंत्री पी के मल्ल, रामभुआल कुशवाहा, पार्षद ऋषि मोहन वर्मा, रणंजय सिंह जुगनू, आशीष गुप्ता आदि मौजूद थे। विधायक महेंद्र पाल सिंह, पूर्व सपा नेता भानुप्रकाश मिश्रा, बांसगांव के शिवाजी सिंह, चंद्रपाल राही, प. लालाबाबू, जवाहर कसौधन ने भी सीएम से मुलाकात की। इस बीच तमाम लोग जनता दरबार की उम्मीद में पहुंच गए। कार्यालय प्रभारी मोतीलाल सिंह ने सबका प्रार्थना पत्र लिया। बताया कि अधिकतर मामले जमीनी विवाद के है।
जिले के गगहा थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी स्व. राजेश्वर पांडेय एडवोकेट की पत्नी पूनम रविवार को मुख्यमंत्री से मिलने गोरखनाथ मंदिर पहुंचीं। सीएम से मुलाकात तो नहीं हुई पर उनका प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री के साथ आए उनके विशेष सचिव अजय सिंह ने ले लिया। उन्हें आश्वासन दिया कि उनके प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई अवश्य होगी।
बता दें कि पूनम के पति राजेश्वर पांडेय जो गोला तहसील में अधिवक्ता थे, उनकी हत्या कर दी गई थी। आरोप पड़ोसियों पर लगे थे। अब उनके परिजनों की ओर से 50 लाख मुआवजा देने व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की जा रही है।
पार्षदों ने मुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन
पार्षदों ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा और समाधान की मांग की। महेवा के पार्षद राम भुआल कुशवाहा ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर मोहल्ले में पेयजल का संकट है। यहां दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है।
पार्षद दल के उप नेता ऋषि मोहन वर्मा ने जनप्रिय विहार में हड़हवा फाटक के निकट कपिला ट्यूशन से सुरेंद्र के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क व नाली निर्माण की मांग की। ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने समस्याओं के तत्काल निराकरण का आश्वासन दिया है।
सीएम से मिला प्रधान संघ का प्रतिनिधि मंडल
प्रधान संघ के अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम पंचायत संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने सीएम योगी से ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को छह महीने तक बढ़ाने की मांग रखी। इसके अलावा महोब जीरो बांध से लेकर मलाव कसिहार तब तटबंध को पिच कराए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री प्रधानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा। इस दौरान शिवप्रकाश शाही, विजय नारायण पांडे, गणपत भारद्वाज, अरूणा सिंह टुन्नू, उमेश यादव, विकास गिरी, शुुभांकर यादव, संतोष चंद, बजरंगी निषाद आदि थे।