संत और सियासत : राजनीति के अपराजेय योद्धा हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, खुद बढ़ाया अपना कद
1998 से 2017 तक गोरखपुर शहर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। एक भी चुनाव नहीं हारे, दोबारा मुख्यमंत्री पद की ली शपथ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश की कमान दूसरी बार संभालने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजनीति के अपराजेय योद्धा हैं। वह 1998 से 2017 तक लगातार गोरखपुर शहर लोकसभा क्षेत्र से सांसद का चुनाव जीतते रहे हैं। जितनी बार चुनाव लड़े, उतनी बार जीत का अंतर बढ़ गया। एक भी चुनाव में हार का सामना नहीं करना पड़ा है।
गोरक्षपीठ का उत्तराधिकारी बनने के बाद ही योगी आदित्यनाथ की सक्रियता बढ़ गई। गोरखनाथ मंदिर के अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेने लगे। महंत अवेद्यनाथ के चुनाव का संचालन भी करते रहे। 1998 में लोकसभा चुनाव का एलान हुआ तो तत्कालीन सांसद महंत अवैद्यनाथ ने असमर्थता जताई और योगी का नाम आगे बढ़ाया। यहीं से राजनीतिक पारी की शुरुआत हुई। योगी ने नामांकन कराया और राजनीति की पटरी पर सरपट दौड़ने लगे। भाजपा के टिकट पर पहला चुनाव लड़े और 25 हजार मतों के अंतर से जीतकर दिल्ली पहुंच गए।
भाजपा ने 2017 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया। इन्होंने पांच साल का कार्यकाल सफलता से पूरा किया। इस बीच सवाल उठा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में 37 वर्षों से कोई पार्टी दोबारा सत्ता में नहीं आई है। कोई मुख्यमंत्री दूसरा कार्यकाल नहीं पा सका है, लेकिन इस मिथक को भी योगी आदित्यनाथ ने तोड़ दिया। मुख्यमंत्री के घोषित चेहरे पर गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े और दोबारा मुख्यमंत्री बन गए। उत्तर प्रदेश में भाजपा को शानदार जीत मिली है।
छात्र आंदोलन से बनी बड़ी पहचान
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने की कहानी में कई उतार-चढ़ाव रहे हैं। गोरखपुर के गोलघर इलाके में गोरखनाथ मंदिर से संचालित इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले कुछ छात्र एक दुकान पर कपड़ा खरीदने के लिए गए और उनका दुकानदार से कुछ विवाद हो गया। मामला बढ़ा तो दुकानदार ने रिवॉल्वर निकाल लिया। घटना के दो दिन बाद दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर योगी के नेतृत्व में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। यहीं से योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक सफर की नींव पड़ गई। वह एसएसपी आवास की दीवार पर भी चढ़ गए थे। इससे पहले ही 15 फरवरी 1994 को नाथ संप्रदाय के प्रमुख मठ गोरखनाथ मंदिर के उत्तराधिकारी के रूप में अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ से दीक्षा ली। इसके बाद गोरखपुर की राजनीति में महंत योगी आदित्यनाथ की धमाकेदार एंट्री हुई।
खुद बनाया कद, बड़े अंतर से जीते चुनाव
योगी के राजनीति में बढ़ते कद से भाजपा के तमाम दिग्गज असहज हो गए। नतीजा रहा कि भितरघात होने लगा। तमाम नेता उन्हें चुनाव हराने के प्रयास में जुट गए। भितरघात की वजह से ही 1999 का चुनाव योगी सात हजार वोट से जीत सके। इसका मतलब रहा कि 1998 के चुनाव से जीत का अंतर कम हो गया। वह पांच वर्षों तक सांसद रहे। सड़क से संसद तक संघर्ष के अपना कद बड़ा कर लिया। 2004 का लोकसभा चुनाव हुआ तो वह करीब डेढ़ लाख वोटों के अंतर से जीत गए। यह सिलसिला लगातार जारी रहा। गोरखपुर शहर लोकसभा क्षेत्र से पांच बार सांसद चुने गए।
हिंयुवा से मिली मजबूती
गोरखपुर का सांसद रहते हुए योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल की राजनीति में सक्रियता बढ़ाई। मऊ और आजमगढ़ दंगों के बाद संघर्ष किया। साथ ही हिंदू युवा वाहिनी (हिंयुवा) का गठन करके खुद को मजबूत बनाया। हर बूथ, सेक्टर व मंडल के साथ ही उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में संगठन खड़ा कर दिया। इससे मजबूती मिली और राजनीतिक पारी अजेय होती चली गई।
नाराजगी बढ़ी तो भाजपा को मिली हार
2002 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ की नाराजगी का खामियाजा कद्दावर नेता शिव प्रताप शुक्ला को भुगतना पड़ा था। हुआ यह था कि किसी बात से नाराजगी बढ़ी और योगी ने हिंदू महासभा के टिकट पर डॉ. आरएमडी अग्रवाल को चुनाव मैदान में उतार दिया। भाजपा ने खूब जोर लगाया, लेकिन चुनाव परिणाम आया तो शिवप्रताप शुक्ला को हार का सामना करना पड़ा। इसकी जानकारी शीर्ष नेतृत्व को भी थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। यह योगी के राजनीतिक कद को दर्शाता है।
हिंदू सम्मेलन में जुटी थी भीड़
योगी आदित्यनाथ ने हिश्व हिंदू महासंघ के बैनर तले हिंदू सम्मेलन कराके अपनी ताकत दिखाई थी। बताया जाता है कि भाजपा का सम्मेलन लखनऊ में हुआ था। इसमें भाजपा के सभी राष्ट्रीय नेता आए। इसी दिन योगी ने गोरखपुर में हिंदू सम्मेलन किया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कई नेताओं ने योगी के साथ मंच साझा किया। लखनऊ से ज्यादा भीड़ गोरखपुर के हिंदू सम्मेलन में रही। इस घटना के बाद भी भाजपा ने योगी को 2004, 2009, 2014 में लोकसभा का प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा। 2017 के विधानसभा चुनाव में शानदार जीत मिली तो पार्टी ने उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया।
राजनीतिक सफर...
गुरु महंत अवेद्यनाथ ने 1998 में अपनी जगह योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से लोकसभा चुनाव लड़वाया। चुनाव जीतकर 26 साल की उम्र में ही योगी लोकसभा में पहुंच गए। तब से लगातार गोरखपुर लोकसभा सीट पर योगी का कब्जा रहा।
राजनीति में अपनी पहचान बनाने के बाद योगी ने हिंदू युवा वाहिनी का गठन किया। इसके जरिए पूर्वांचल व पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत पैठ बना ली।
योगी आदित्यनाथ पांच बार सांसद रहे हैं। 2017 में जब भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला, तब पार्टी ने योगी आदित्यनाथ को प्रदेश का मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। 2022 में पार्टी योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ी और एक बार फिर भारी बहुमत मिला। लगातार दूसरी बार योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में हुआ जन्म
योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में हुआ। उत्तराखंड से ही बीएससी की पढ़ाई पूरी की है। एमएससी प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था, लेकिन गोरखनाथ मंदिर आ गए। सांसरिक सुखों को त्यागकर योगी बन गए।
दिल्ली के कार्यक्रम से हुई थी मुलाकात
योगी आदित्यनाथ का हिंदुत्व के प्रति बचपन से ही लगाव था। लिहाजा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की शाखा में जाने लगे। कॉलेज के दिनों में योगी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे। एबीवीपी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में ही तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर एवं गोरखपुर के सांसद ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ से मुलाकात हुई थी। महंत अवेद्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में गए थे।
हिंदुत्व पर भाषण से प्रभावित हुए थे महंत अवैद्यनाथ
योगी आदित्यनाथ के हिंदुत्व पर दिए गए भाषण से महंत अवैद्यनाथ बहुत प्रभावित हुए थे। दरअसल, महंत अवैद्यनाथ दिल्ली के एक कार्यक्रम में गए थे। भाषण से प्रभावित अवैद्यनाथ ने कार्यक्रम के समापन के बाद योगी को अपने पास बुलाया और परिचय पूछा। योगी ने जब बताया कि वह उत्तराखंड के पंचूर के रहने वाले हैं तो उनके प्रति उनका लगाव और बढ़ गया। महंत अवैद्यनाथ भी उत्तराखंड से आते थे। तभी अवैद्यनाथ ने योगी से दोबारा मिलने को कहा। इस बीच योगी ने अवैद्यनाथ से कई बार मुलाकात की है।
योगी की सेवा से खुश थे महंत अवैद्यनाथ
बताया जाता है कि जब महंत अवैद्यनाथ की तबीयत खराब हुई तो योगी कुशलक्षेम पूछने पहुंच गए। महंत अवैद्यनाथ की सेवा भी की। इससे प्रभावित होकर ही अवैद्यनाथ ने योगी को गोरखपुर बुलाया और कहा कि यदि देश व समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं तो सांसारिक मोह त्याग दें। उसमें कुछ नहीं है। उस वक्त योगी ने कुछ नहीं कहा, लेकिन उनकी बात पर मनन करते हुए अपने गांव चले गए।
सांसारिक सुखों को त्यागकर बने उत्तराधिकारी
योगी आदित्यनाथ एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे, तभी सांसारिक सुखों को त्यागने का फैसला कर लिया। उन्होंने अपने माता-पिता से कहा कि अब नौकरी करनी है। यही कहकर गोरखपुर आ गए। गुरु महंत अवैद्यनाथ से मिले और कहा कि वह अब योग धारण कर यहीं रहेंगे। कुछ दिनों तक मंदिर में सामान्य व्यक्ति की तरह रहे, फिर योग की दीक्षा लेकर गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी बन गए।