गोरखपुर: खजनी पीएचसी पर पथराव मामले में केस दर्ज, नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम
दस नामजद और दस आरोपियों पर केस, डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर हरनही में जाम लगाने की कोशिश, पुलिस ने समझाकर गुस्साए लोगों को कराया शांत, सोमवार को मरीज की मौत पर हुआ था हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के खजनी पीएचसी पर सोमवार को मरीज की मौत के बाद हुए पथराव मामले में पुलिस ने मंगलवार को दस नामजद व दस अज्ञात पर केस दर्ज किया है। खजनी पुलिस को पीएचसी प्रभारी डॉ प्रदीप त्रिपाठी ने सोमवार की देर रात तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने बांसगांव के देवघट निवासी मृतक गोरख मौर्य के बेटे गिरीश मौर्य, गिरीजय मौर्य, नीरज मौर्य, धीरज मौर्य, रामानंद मौर्य, अरविंद पाल, सुशील कुमार समेत दस नामजद व दस अज्ञात पर महामारी एक्ट, हमला करने, लोकसेवक को भय दिखाकर उसके कार्य में बाधा डालने, मारपीट तथा सरकरी संपति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, गुस्साए लोगों ने डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर हरनहीं के पास जाम लगाया जिन्हें समझाकर पुलिस ने खुलवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बांसगांव के देवघटा गांव निवासी गोरख मौर्य (60) को गंभीर हालत में उनके परिजन 16 किलोमीटर दूर स्थित खजनी पीएचसी पर इलाज के लिए लाए थे, जहां डॉक्टरों ने गोरख को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन डॉक्टरों से उलझ गए।
इस दौरान गोरख की पीएचसी पर ही मौत हो गई। गोरख की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनसे मारपीट की, साथ ही कपड़े फाड़ दिए। जिसमें प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रदीप त्रिपाठी समेत तीन कर्मचारी चोटिल हो गए।
इसके बाद कर्मचारियों ने उत्पात मचा रहे तीन युवकों को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। बाद में तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जिसपर परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने पीएचसी पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से बचने के लिए डॉक्टरों व कर्मचारियों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
सूचना पर तत्कल सीओ खजनी व एसओ खजनी मृत्युंजय राय फोर्स के साथ पहुंचे और काफी देर तक मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया था। इस संबंध में थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि पीएचसी प्रभारी की तहरीर पर दस नामजद व दस अज्ञात पर केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।