खजनी विधानसभा: सुरक्षित सीट पर बजा भाजपा का डंका, पिछले दो चुनावों में मिली है जीत
कांग्रेस ने चुनाव मैदान में रजनी देवी को उतारा है। बसपा ने विद्यासागर उर्फ छोटू पर दांव लगाया है। भाजपा व सपा ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आंकड़ों को देखें तो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित खजनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का डंका बज रहा है। बसपा जीत के लिए तरस रही है तो सपा तीसरे पायदान से ऊपर नहीं आ पा रही है। 2017 में सपा-कांग्रेस ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन कुछ बदला नहीं। इससे पहले के चुनाव में कांग्रेस चौथे पायदान पर थी। पार्टी को 5.49 फीसदी वोट मिले थे।
प्रमुख राजनीतिक दल खजनी विधानसभा क्षेत्र की चुनावी तैयारी में जुटे हैं। कांग्रेस ने चुनाव मैदान में रजनी देवी को उतारा है। बसपा ने विद्यासागर उर्फ छोटू पर दांव लगाया है। भाजपा व सपा ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। भाजपा के वर्तमान विधायक संत प्रसाद तीसरी बार चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। वह खजनी विधानसभा क्षेत्र से 2012 में भी चुनाव जीते थे।
2022 के विधानसभा चुनाव में मतदाता
- कुल मतदाता 3,75,491
- पुरुष 2,03,570
- महिला 1,71,910
- थर्ड जेंडर 11
विधानसभा चुनाव (2017 ) कुल मतदान 51.52 फीसदी
पार्टी मिले मत फीसदी
भाजपा 71,492 38.2
बसपा 51,413 27.78
सपा- कांग्रेस (संयुक्त प्रत्याशी) 42,082 22.66
निषाद पार्टी 11,289 6.08
20 हजार वोटों के अंतर से मिली थी भाजपा को जीत
2017 में 3,64,495 मतदाताओं को वोट डालना था, लेकिन 1,87,798 मतदाता ही बूथों तक पहुंचे। 2,085 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था। 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। भाजपा, बसपा और सपा को छोड़ दें तो ज्यादातर प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी। चुनाव में भाजपा को 20,009 वोटों के अंतर से जीत मिली थी।
विधानसभा चुनाव (2012) कुल मतदान 50.49 फीसदी
पार्टी मिले मत फीसदी
भाजपा 57,920 35.09
बसपा 48,484 29.37
सपा 30,153 18.27
कांग्रेस 9,067 5.49
भाजपा को 9,436 वोटों के अंतर से मिली थी जीत
2012 में 3,25,282 मतदाता थे। इनमें से 1,65,073 मतदाताओं ने वोट डाला था। भाजपा को 9,436 वोटों के अंतर से जीत मिली थी।
नेताओं ने क्या कहा
मोदी-योगी की जोड़ी ने शोषितों, वंचितों के लिए बहुत काम किया है। पक्का मकान, शौचालय, निशुल्क राशन, सम्मान निधि दिया है। इससे क्षेत्र की जनता खुश है। तीसरी बार भी जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिलेगा। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा विकास की राजनीति करती है। विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ रही है। - विश्वजितांशु सिंह आशु, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा।कांग्रेस ने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया है। इसका फायदा चुनाव में मिलेगा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की नीतियों से जनता उत्साहित है। इस बार बदलाव का मन बना है। जनता बड़े अंतर से पार्टी को जीत दिलाएगी। भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त है। - निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।
पार्टी की चुनावी तैयारी पूरी है। विधानसभा क्षेत्र का संगठन दिन-रात काम कर रहा है। सुरक्षित सीट पर सपा को अच्छा समर्थन मिल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों से सब संतुष्ट हैं। जो वादे किए हैं, सरकार बनने के बाद उसे पूरा भी करेंगे। यूपी की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। - अवधेश यादव, जिलाध्यक्ष, सपा।
बसपा का अपना जनाधार है। पार्टी किसी दूसरे दल के सहारे चुनाव नहीं लड़ रही है। खजनी में पार्टी की चुनावी तैयारी बहुत अच्छी है। इस बार जनता बदलाव लाएगी। पिछले दो चुनावों में बसपा का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस बार प्रत्याशी के नाम का एलान पहले ही हो चुका है। अब एक-एक मतदाता से संपर्क पर जोर दिया जा रहा है। -अमर चंद्र दुबे, सेक्टर संयोजक, बसपा गोरखपुर मंडल।