UP News: CM योगी से मुलाकात के बाद बदले भाजपा विधायक के सुर, कहा- सीएम योगी पर ही भरोसा, वही हमारे नेता
पूर्व मंत्री और कैम्पियरगंज से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह को कुछ व्यक्तियों जान-माल का खतरा बताया। इसके बाद प्रशासन द्वारा उच्च स्तरीय जांच एसटीएफ द्वारा कराई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पुष्टि नहीं हो पायी है।
विस्तार
कैंपियरगंज से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से शुक्रवार को मुलाकात की। लंबी बातचीत के बाद भाजपा विधायक के सुर बदल गए। अभी तक सरकार में बात नहीं सुनी जाने का आरोप लगाने वाले विधायक ने मुख्यमंत्री को अपना नेता बताते हुए कहा-सीएम योगी पर पहले भी भरोसा था और आज भी है। खुद के जान-माल के खतरे को लेकर हो रही उच्चस्तरीय जांच से संतुष्ट हूं।
मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिलने के बाद भाजपा विधायक ने पत्र के जरिए बयान जारी कर कहा कि उन्हें पिछले पांच सालों से उपलब्ध कराई गई वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा सीएम योगी की देन है। वह पूरी निष्ठा और आस्था के साथ पहले भी थे और अब भी हैं।
विधायक ने अमर उजाला से मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में कहा कि हाल ही में कथित तौर पर कुछ व्यक्तियों से उनको जान-माल का खतरा था। उन्हें स्थानीय पुलिस की कार्यशैली से नाराजगी थी। अब उच्चस्तरीय जांच एसटीएफ की ओर से कराई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा-मैं जांच से पूरी तरह संतुष्ट हूं। जांच के बाद सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का उत्तरोत्तर चहुंमुखी विकास हो रहा है, जिसकी पूरे देश में सराहना की जा रही है।
यह था मामला
भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने 18 जुलाई 2024 को लखनऊ में मीडिया के सामने कहा था कि दो जुलाई 2024 को उन्हें सूत्रों से पता चला था कि कैंपियरगंज में कुछ पेशेवर अपराधियों से उनकी जान को खतरा है। कुछ लोगों ने चंदा जुटाकर एक करोड़ रुपये उन्हें मारने के लिए सुपारी दी है।
इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को दी थी पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने भाजपा शीर्ष नेतृत्व को भी पत्र देकर अवगत कराया था और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी। मामला बढ़ता देख डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और शिकायत पर जांच को लेकर पुलिस-प्रशासन का रुख स्पष्ट किया था।
मिली है वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा
सीएम योगी के निर्देश पर विधायक फतेह बहादुर सिंह को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसके तहत वर्तमान में कुल 11 सुरक्षाकर्मी (1-4 की गार्द और 6 पीएसओ 8-8 घंटे के लिए) लगाए गए हैं।