अब मरीजों को इलाज के लिए नहीं करना होगा घंटो इंतजार, जिला अस्पताल में भी मिलेगा अपॉइंटमेंट
- पहले से बीमार लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की पहल
- सीएचसी-पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर हुए मरीजों को मिलेगी सहूलियत
- इलाज, जांच और दवा के लिए अब घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ेगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व सदर तहसील के एसडीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने पहले से बीमार मरीजों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अनूठी पहल की है। अब जिला अस्पताल में भी प्राइवेट अस्पतालों की ही तरह डॉक्टरों से एक तय दिन और समय पर मुलाकात के लिए अप्वाइंटमेंट मिलेगा। इससे कोरोना संक्रमित होने का खतरा तो कम होगा ही, मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
फिलहाल यह सुविधा उन मरीजों के लिए शुरू की जा रही है, जो सीएचसी-पीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर किए जाते हैं। इसके सफल होने के बाद जिला अस्पताल में आने वाले सामान्य मरीजों को भी यह सुविधा मिलने लगेगी। इस नई व्यवस्था के तहत सिर्फ इलाज ही नहीं, विभिन्न तरह की जांच और नि:शुल्क दवा के लिए भी मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा, उन्हें भी अप्वाइंटमेंट मिलेगा।
इसलिए की गई पहल
दरअसल, लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में भीड़ लगनी शुरू हो गई है। इसी तरह जांच और दवा काउंटरों पर भी भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा है। जिला अस्पताल की ओपीडी से लेकर जांच और दवा काउंटरों पर भीड़ कम करने और मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए की गई यह पहल काफी कारगर साबित हो सकती है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मुताबिक इसी सप्ताह में यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
सीएचसी-पीएचसी से ही मिल जाएगा अप्वाइंटमेंट
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मुताबिक, एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें जिले की सभी सीएचसी-पीएचसी के साथ जिला अस्पताल के सभी डॉक्टर, डॉयग्नोसिस्ट और दवा काउंटरों पर तैनात कर्मचारी जोड़े गए हैं।
सीएचसी-पीएचसी से जब कोई मरीज जिला अस्पताल के लिए रेफर किया जाएगा तो स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी उसे संबंधित बीमारी से जुड़े डॉक्टर का नाम, एक तय दिन और समय भी अलॉट कर देंगे। इसकी जानकारी रोजाना डॉक्टरों, जांचकर्ता और दवा काउंटर पर तैनात कर्मचारी को भी दे दी जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि जिला अस्पताल पर लग रही भीड़ की वजह से संक्रमण का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। पहले से बीमार लोगों को कोरोना संक्रमण का खतरा भी ज्यादा है। ऐसे में मरीज, भीड़ में खड़ा होने से बच सकेंऔर उन्हें इलाज के लिए घंटों मशक्कत भी नहीं करनी पड़े, इसे ध्यान में रखकर यह पहल की गई है।
सीएचसी-पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किए जाने वाले मरीजों को उसी समय तय दिन और समय बता दिया जाएगा ताकि उन्हें जिला अस्पताल आकर लाइन न लगानी पड़े। तीन दिन के भीतर यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।