Gorakhpur News: दो की जगह लिखवा ली 35 डिसमिल जमीन, माफिया राकेश समेत तीन पर रंगदारी का एक और केस
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि तहरीर के आधार पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, जालसाजी, रंगदारी व धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। माफिया से पीड़ित अन्य लोग भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विस्तार
गोरखपुर जिले की टॉप टेन सूची में शामिल माफिया राकेश यादव और उसके साथियों पर एक और एफआईआर रविवार की रात में दर्ज कर ली गई। एक महिला का आरोप है कि माफिया ने मानसिक रूप से कमजोर उसके पति को धोखे में रखकर दो की जगह 35 डिसमिल जमीन का बैनामा करा लिया। जमीन के बदले रुपये मांगने पर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर माफिया राकेश यादव, उसके साथी सुधीर कुमार और अश्वनी के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने, रंगदारी मांगने और धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर लिया है। वर्तमान में माफिया राकेश जेल में बंद है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में मानसून के सौतेले व्यवहार से मायूसी, तीखी धूप व उमस ने किया बेहाल
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा इलाके के बरगदही गांव निवासी माया देवी ने तहरीर में लिखा है कि पति बृजमोहन यादव मानसिक रूप से कमजोर हैं। उनका इलाज चल रहा है। रुपयों की जरूरत थी, इसलिए बगीचे की जमीन में से दो डिसमिल वर्ष 2014 में बेचना चाहते थे। इसी दौरान माफिया राकेश यादव, सुधीर कुमार और अश्वनी से मुलाकात हो गई। तीनों ने मिलकर जमीन खरीदने की बात कही। लेकिन आरोपियों की नजर पूरी जमीन पर थी।
माया देवी ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई 2014 को पति बृजमोहन को इलाज कराने की बात कहकर आरोपी साथ ले गए। उनकी (माया देवी) की जगह किसी दूसरी महिला को खड़ा कर हस्ताक्षर करा लिया। फिर दो की जगह पूरे बगीचे की 35 डिसमिल जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बदले रुपये भी नहीं दिए गए। जमीन वापस मांगने पर 40 लाख की रंगदारी मांगी गई।
इसे भी पढ़ें: मंत्री जी की पैरवी काम नहीं आई, रैन बसेरे पर कब्जा जमाई महिला पर कड़ी कार्रवाई
तीसरा केस, घर पर चल चुका है बुलडोजर
माफिया राकेश पर हाल के दिनों में यह तीसरा केस गुलरिहा थाने में दर्ज किया गया है। सबसे पहला केस छोटू प्रजापति ने दर्ज करया था। उसके बाद सोनू और अब माया नाम की महिला ने केस दर्ज कराया है। पुलिस दर्ज केस की साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि तहरीर के आधार पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, जालसाजी, रंगदारी व धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। माफिया से पीड़ित अन्य लोग भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस उन्हें सुरक्षा देने के साथ ही माफिया पर कार्रवाई भी करेगी।