{"_id":"69090b106528ae961900d7e0","slug":"accused-of-threatening-mp-ravi-kishan-arrested-from-punjab-2025-11-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"रवि किशन को धमकी देने वाला गिरफ्तार: बिहार नहीं पंजाब का है आरोपी अजय यादव, सांसद को गोली मारने की कही थी बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रवि किशन को धमकी देने वाला गिरफ्तार: बिहार नहीं पंजाब का है आरोपी अजय यादव, सांसद को गोली मारने की कही थी बात
Tue, 04 Nov 2025 01:35 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
Published by: विजय पुंडीर
Updated Tue, 04 Nov 2025 01:35 AM IST
सार
आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने खुद को अभिनेता-नेता खेसारी लाल यादव का समर्थक बताते हुए फोन पर गाली-गलौज की। सांसद रवि किशन को गोली मारने की धमकी दी थी।
विज्ञापन
सांसद रवि किशन को धमकी देने का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सांसद रवि किशन शुक्ल को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है। वह खुद को बिहार के आरा जिले का निवासी बता रहा था लेकिन जांच में पता चला कि वह वास्तव में पंजाब के लुधियाना जिले के फतेहगढ़ बग्गा कला का रहने वाला है।
विज्ञापन
सोमवार को उसे लुधियाना से गोरखपुर लाया गया। पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बीते 30 अक्तूबर को सांसद रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम अजय यादव, निवासी जवनिया, आरा (बिहार) बताया था।
विज्ञापन
आरोप है कि उसने खुद को अभिनेता-नेता खेसारी लाल यादव का समर्थक बताते हुए फोन पर गाली-गलौज की। सांसद को गोली मारने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि रवि किशन जाति विशेष पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए वह उन्हें गोली मार देगा। जब सचिव ने कहा कि सांसद ने कभी किसी समुदाय के खिलाफ टिप्पणी नहीं की है, तो उसने कहा कि चार दिन बाद जब वह बिहार आएंगे तो गोली मार देगा।
विज्ञापन
आरोपी ने फोन पर बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव के विवादित बयान का समर्थन किया था और राम मंदिर को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद सांसद के निजी सचिव व पीआरओ ने एसएसपी को मामले की जानकारी दी थी।
सर्विलांस व साइबर सेल की टीम ने जब कॉल डिटेल्स की जांच की तो पता चला कि आरोपी पंजाब के लुधियाना जिले में है। इस पर गोरखपुर पुलिस की टीम ने पंजाब पुलिस से संपर्क कर संयुक्त अभियान चलाया और आरोपी लुधियाना के फतेहगढ़ बग्गा कला से गिरफ्तार कर लिया गया। - अभिनव त्यागी, एसपी सिटी