गोरखपुर: दो दिन से बाथरूम में पड़ा था 70 वर्षीय महिला का शव; चेहरे, ठुड्डी और दाईं आंख के ऊपर चोट के निशान
सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो बाथरूम में जमीला देवी का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव से दुर्गंध आ रही थी। उनकी एक आंख क्षतिग्रस्त थी और ठुड्डी के नीचे कुतरने जैसे निशान थे। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि शव को चूहों ने क्षतिग्रस्त किया होगा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
विस्तार
शाहपुर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित एक मकान के बाथरूम में 70 वर्षीय जमीला देवी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि शव करीब दो दिन से बाथरूम में पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने को मौत का कारण बताया गया है। चेहरे, ठुड्डी और दाईं आंख के ऊपर भी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हादसे और हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जमीला देवी की एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि उनका बेटा दानिश दुबई में रहता है। घर में उनके साथ मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी रहती थी। रविवार को बेटी ने अपनी बड़ी बहन को मां के बारे में जानकारी दी। इसके बाद बड़ी बेटी रात करीब 9:30 बजे घर पहुंची। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो बाथरूम में जमीला देवी का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव से दुर्गंध आ रही थी। उनकी एक आंख क्षतिग्रस्त थी और ठुड्डी के नीचे कुतरने जैसे निशान थे। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि शव को चूहों ने क्षतिग्रस्त किया होगा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
मकान बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जमीला देवी का एक अन्य मकान विशाल शामियाना हाउस के सामने है, जहां किरायेदार रहते हैं। आरोप है कि उनका बेटा मकान बेचना चाहता था, जबकि जमीला देवी इसके पक्ष में नहीं थीं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि संपत्ति को लेकर परिवार में कोई विवाद तो नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर जांच
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है।