गोरखनाथ मंदिर: इस बार खिचड़ी मेले में सजेंगी 350 स्थायी दुकानें, मेला परिसर में झूला लेकर पहुंचे दुकानदार
एक हजार अस्थायी दुकानदारों को भी मेला प्रबंधन की ओर से दुकानें लगाने की अनुमति दी जाएगी। मेला परिसर में झूले लेकर दुकानदार पहुंचे हैं। सभी दुकान लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले में इस बार 350 स्थायी दुकानें लगेंगी। करीब एक हजार अस्थायी दुकानदारों को भी मेला परिसर में दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी। इनमें से 60 प्रतिशत दुकानदारों ने मेला प्रबंधन से अनुमति भी प्राप्त कर ली है।
इस साल भी खिचड़ी मेले में लोगों को रोमांचित करने के लिए मौत का कुआं, ब्रेक डांस, झूले, ड्रैगन झूला, सोलंबो, टोरा-टोरा और कठघोड़वा आदि झूले आ रहे हैं। सर्कस और जादू की टीमें भी जल्द पहुंच जाएंगी। खिचड़ी मेले की खास पहचान खजला की दुकानें भी मेला परिसर में सजने लगी हैं। खानपान और घरेलू समान की दुकानों पर भीड़ जुटने लगी है।
मेला प्रबंधक शिव शंकर उपाध्याय ने बताया कि आधे से अधिक दुकानदारों ने मेले में दुकान लगाने की अनुमति प्राप्त कर ली है। करीब 50 दुकानदार मेला परिसर में पहुंच चुके हैं। हमेशा ही पुराने दुकानदारों को वरीयता दी जाती है। पुराने दुकानदारों के मेला परिसर में पहुंचने के लिए पांच जनवरी तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। सात जनवरी तक उनका इंतजार किया जाएगा। इसके बाद उनके नहीं पहुंचने पर दुकान, दूसरे दुकानदार को आवंटित कर दी जाएगी। बताया कि 31 दिसंबर से पूर्व लगभग 80 प्रतिशत दुकानें सज जाएंगी।
एक जनवरी से होगी मेले की अनौपचारिक शुरुआत
मेला प्रबंधक शिवशंकर ने बताया कि वैसे तो खिचड़ी मेले की औपचारिक शुरुआत मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी से होती है, लेकिन अनौपचारिक रूप से मेला एक जनवरी से ही शुरू हो जाएगा। जो लगभग डेढ़ महीने (शिवरात्रि) तक चलेगा।
मेले में 40 फीसदी मुस्लिम दुकानदार
मेला प्रबंधक ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी मेले को लेकर मुस्लिम दुकानदारों का उत्साह देखने लायक है। मेले में 40 प्रतिशत तादाद मुस्लिम दुकानदारों की है। ज्यादातर मुस्लिम दुकानदारों ने जूता-चप्पल, क्रॉकरी, बिसाता, रेडीमेड कपड़े, फाइबर के सामानों के लिए परिसर में स्थान आवंटित कराया है।