Exclusive: गीडा में 3325 करोड़ रुपये का निवेश, 8000 लोगों को मिलेगा रोजगार
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने खाका तैयार किया, अगले कुछ वर्षों में परियोजना मूर्त रूप लेगी। भीटी रावत के 207 एकड़ में औद्योगिक सेक्टर तैयार किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औद्योगिक विकास की रफ्तार अब और तेजी होगी। गारमेंट पार्क, आईटी पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री, प्लास्टिक पार्क आदि के निर्माण की कवायद तेज हो चुकी है। अब आदित्य बिड़ला, कोका कोला, गैलेंट इस्पात-सीमेंट प्लांट, प्लास्टिक यूनिट, क्राकरी उद्योग, डिस्टिलरी और एथेनॉल प्लांट आदि की फैक्ट्रियां भी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
ऐसे में आने वाले दो-तीन वर्षों में गीडा में करीब 3325 करोड़ रुपये का निवेश होगा। साथ ही करीब प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से आठ हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) प्रशासन ने भीटी रावत इलाके में करीब 207 एकड़ में औद्योगिक सेक्टर बना रहा है।
कोका प्लांट बॉटलिंग प्लांट
मल्टीनेशनल कंपनी गीडा में बॉटलिंग प्लांट स्थापित कर रही है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बॉटलिंग प्लांट में करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी सीधे यह प्लांट लगाने की बजाय फ्रेंचाइजी देती है। अयोध्या में बॉटलिंग प्लांट मौजूद है। वहां प्लांट चलाने वाली फर्म ने गोरखपुर में भी प्लांट लगाने की इच्छा जताई है। इसके लिए फर्म की ओर से 32 एकड़ जमीन की मांग की गई थी। कंपनी ने करीब 200 करोड़ रुपये निवेश का भी प्रस्ताव दिया है। इस बात की भी उम्मीद जताई है कि कम से कम 500 लोगों को इस बॉटलिंग प्लांट में रोजगार मिलेगा। वहीं, गीडा प्रशासन ने भीटी रावत में यह जमीन देने का प्रस्ताव दिया है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप
ग्रुप पेंट फैक्ट्री लगाने जा रहा है। गोरखपुर में करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश के लिए कदम बढ़ा दिया है। कंपनी यहां पेंट बनाने की औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी। इसके लिए कंपनी के प्रतिनिधि प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण कर चुके हैं। गीडा की ओर से भीटी रावत में करीब 70 एकड़ जमीन का प्रस्ताव दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से भी हरी झंडी दे दी गई। करोड़ों रुपये के निवेश से करीब ो हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इन औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से गोरखपुर के विकास में एक नया अध्याय जुड़ेगा।
एथेनॉल एवं डिस्टिलरी प्लांट
गीडा में करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से ग्रेन बेस्ड (अन्न आधारित) एथेनॉल और डिस्टिलरी प्लांट लगेगा। इंडियन ऑयल के साथ मिलकर बलिया की कंपनी मेसर्स केयान डिस्टिलरी इस प्लांट की स्थापना करेगी। वहीं, लगाए जा रहे इस संयंत्र में प्रत्येक दिन करीब 3.50 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन होगा। साथ ही डिस्टिलरी प्लांट में देसी और अंग्रेजी शराब के अलावा बीयर का भी उत्पादन होगा। इस प्लांट के चालू होने पर करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
गैलेंट इस्पात लगाएगा सीमेंट प्लांट
गैलेंट इस्पात गीडा में चार लाख टन वार्षिक क्षमता का सीमेंट प्लांट भी स्थापित करेगा। परियोजना का पूरा कार्य दिसंबर, 2022 तक पूरा होगा। इस परियोजना में 865 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। 700 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा गैलेंट समूह इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की क्षमता में भी बढ़ोतरी कर रहा है।
इस प्रकार वर्तमान में हो चुके निवेश सहित इकाई में लगभग 1600 करोड़ रुपये का निवेश हो जाएगा। वर्तमान में इकाई में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1800 कर्मचारी हैं। नए निवेश के बाद 700 व्यक्तियों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस प्रकार इन औद्योगिक इकाइयों में कुल 2500 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध रहेगा।
गीडा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पवन अग्रवाल ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद गीडा में औद्योगिक विकास की रफ्तार और तेज हुई है। गैलेंट इस्पात ने अपनी इकाई का विस्तार करना शुरू कर दिया है। कंपनी सीमेंट प्लांट भी लगा रही है। क्राकरी उद्योग का भूमि पूजन हो चुका है। 120 करोड़ रुपये निवेश वाले इस प्लांट में 600 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। 105 करोड़ रुपये की प्लास्टिक इंडस्ट्री भी लगाई जा रही है। एथेनॉल और डिस्टिलरी प्लांट लगाने को मंजूरी मिल चुकी है। कोका कोला कंपनी, आदित्य बिड़ला ग्रुप भी जल्द ही प्लांट लगाएगा। आने वाले एक-दो वर्षों में 3325 करोड़ रुपये का निवेश होगा। प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से आठ हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।