UP Election 2022: मतदाता सूची अपडेट, 33 हजार नाम बढ़े, अब नहीं बन सकेगा कोई वोटर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस बार हिदायत दी है कि प्रत्येक वोटर के पास तक मतदाता पर्ची पहुंचनी चाहिए। यदि कहीं से भी शिकायत मिली कि किसी क्षेत्र विशेष के वोटरों को मतदाता पर्ची नहीं मिली तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची अब पूरी तरह से अपडेट हो चुकी है। अनुपूरक सूची में करीब 33 हजार नए वोटर बढ़े हैं। एक नवंबर से पांच दिसंबर 2021 तक चले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद जिले के वोटरों की संख्या 33.55 लाख हो गई थी। जो अब बढ़कर करीब 33.88 लाख हो गई है। अब किसी भी वोटर का नाम मतदाता सूची में नहीं बढ़ पाएगा।
यही नहीं अनुपूरक सूची तैयार करते समय सिर्फ छूटे हुए वोटरों के नाम जोड़े गए हैं, किसी भी वोटर का नाम काटा नहीं गया है। हालांकि अभी भी बहुत से लोग वोटर बनने से छूट गए हैं। अनुपूरक सूची में नाम जोड़वाने के लिए जितने आवेदन आए थे, उनमें सभी के नाम नहीं जुट पाए हैं। पिछले सप्ताह भर से लोग वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए कलेक्ट्रेट और तहसीलों के चक्कर लगा रहे हैं। शुक्रवार को ही अनुपूरक सूची फाइनल होने के बाद भी तमाम लोग अवकाश के बाद भी शनिवार को तहसील कार्यालय में भटक रहे थे।
दरअसल, मतदाता पुनरीक्षण अभियान खत्म होने के बाद भी कंट्रोल रूम, जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत सभी तहसील कार्यालयों में वोटर बनने के लिए लोग संपर्क कर रहे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम विजय किरन आनंद ने सभी तहसील कार्यालयों को छूटे हुए लोगों के नाम अनुपूरक सूची में दर्ज करने का निर्देश दिया था। कुछ तहसील कार्यालयों ने तो संजीदगी के साथ इस काम को पूरा किया मगर कुछ कार्यालयों में आवेदन आने के बाद भी नाम नहीं जोड़ने की शिकायत मिल रही है।
घर बैठे जांच सकते हैं मतदाता सूची में नाम
अनुपूरक सूची तैयार होने के बाद शुक्रवार की रात जिले की मतदाता सूची को अपडेट कर दिया गया। मतदाता पुनरीक्षण अभियान समाप्त होने के बाद भी जिन लोगों ने वोटर बनने के लिए आवेदन किया था वे, और बाकी लोग भी घर बैठे अपने मोबाइल पर यह जांच सकते हैं कि वोटर लिस्ट में उनका नाम है या नहीं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष वोटर हेल्पलाइन एप तैयार किया है।
इसे गूगल प्ले स्टोर से अपने मोबाइल में इंस्टाल किया जा सकता है। इस एप में मतदाता पंजीकरण, चुनाव, शिकायत, परिणाम, मतदाता सूची में नाम देखना, मतदात पर्ची, ई वोटर कार्ड डाउनलोन, मतदान स्थल का पता लगाने जैसी कई सुविधाएं हैं। एप के माध्यम से मतदाता, प्रत्याशी, उनकी संपत्ति और आपराधिक इतिहास की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
वोटर पर्ची के वितरण की तैयारी
अनुपूरक सूची के बाद मतदाता सूची अपडेट हो जाने के बाद अब मतदाता पर्ची के वितरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस बार हिदायत दी है कि प्रत्येक वोटर के पास तक मतदाता पर्ची पहुंचनी चाहिए। यदि कहीं से भी शिकायत मिली कि किसी क्षेत्र विशेष के वोटरों को मतदाता पर्ची नहीं मिली तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।