गोरखपुर में कोरोना: आरपीएफ के 36 जवान समेत 145 मिले पॉजिटिव, एक्टिव केस हुए 396
संक्रमितों में दो डॉक्टर समेत कई मासूम भी शामिल, एक्टिव केस की संख्या पहुंची 396
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आठ दिनों के अंदर कोरोना मरीजों की संख्या 150 के करीब पहुंच गई है। शनिवार को कोरोना के 145 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों में आरपीएफ के 36 जवान समेत, दो निजी डॉक्टर समेत एक दर्जन से अधिक बच्चे शामिल हैं। इसके बाद से एक्टिव केस का आंकड़ा 253 से बढ़कर 396 पहुंच गया है। चिंता की बात यह है कि इसमें 85 प्रतिशत लोग एक-दूसरे से संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। जबकि कई मरीजों की ट्रेवेल हिस्ट्री है।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों में रजही कैंप के 36 जवान एक साथ संक्रमित मिले हैं। इसके बाद से कैंप में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने फैसला लिया है कि कैंप में मौजूद और जवानों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। इसके अलावा बिछिया के पीएसी कैंप में भी दो जवान पॉजिटिव मिले हैं। जबकि चिलमापुर और एसएसबी कैंप के एक-एक डॉक्टर भी संक्रमित मिले हैं।
इनके अलावा एम्स के करीब 12 लोग, चिलमापुर का 90 साल का बुजुर्ग, एसएसबी फर्टिलाइजर के दो, राजेंद्र नगर के एक ही परिवार के तीन, अलीनगर की 32 वर्षीय महिला अपने चार के बेटे के साथ संक्रमित मिली है। सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि संक्रमितों में 121 गोरखपुर शहर के रहने वाले हैं। जबकि 24 संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
इन संक्रमितों के मिलने के बाद से जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या पहली और दूसरी लहर मिलाकर 59839 हो गई है। इसमें 58595 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। 848 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 396 पहुंच गया है। अपील की है कि लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।
13 मासूम हुए संक्रमण का शिकार
कोरोना का असर इस बार मासूमों पर भी पड़ रहा है। यही वजह है कि इस बार मासूम संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। शुक्रवार को 13 मासूम कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें एक 32 वर्षीय महिला अपने तीन साल के बेटे के साथ संक्रमित मिली है। इनके अलावा चार, तीन, सात, 11, छह, चार, आठ, नौ, पांच, आठ वर्ष के मासूम संक्रमित मिले हैं।
गांव की तुलना में शहर में तेजी से फैल रहा संक्रमण
गांव की तुलना में शहर में तेजी से कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। आंकड़े इस बात की तस्दीक कर रहे हैं। एक जनवरी को ग्रामीण क्षेत्रों में एक भी मरीज नहीं थे। जबकि शहर में एक्टिव मरीजों की संख्या छह थी। दो जनवरी को चार मरीज मिले तो ग्रामीण के एक भी मरीज नहीं थे।
तीन जनवरी को सात मरीज मिले तो भी ग्रामीण क्षेत्रों में एक भी मरीज शामिल नहीं थे। चार जनवरी को ग्रामीण क्षेत्रों में केवल दो मरीज मिले। जबकि पांच जनवरी को 52 मरीज मिले थे। इसमें केवल एक मरीज ग्रामीण क्षेत्रों का था। अगले दिन 57 मरीज मिले।
इसमें ग्रामीण क्षेत्र में केवल छह मरीज शामिल थे। सात और आठ जनवरी को क्रमश ग्रामीण क्षेत्रों में 15 और 24 मरीज मिले हैं। विभाग का मानना है कि शहरी क्षेत्र में संक्रमण की रफ्तार सात गुना है।