दिल्ली विधानसभा चुनावः केजरीवाल बोले...बड़ा बेटा हूं तो दिल्ली की जिम्मेदारी भी मेरी ही है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पहले रोड शो में जनता के बीच किसी दल विशेष को नहीं, बल्कि काम को महत्व देने की अपील की। उन्होंने खुद को दिल्ली का बड़ा बेटा बताया और कहा , घर में एक बड़ा बेटा होता है।
छोटी बहन का ब्याह कराना, घर की जिम्मेदारी निभाना ये उसका काम होता है। मैंने भी बड़े बेटे की तरह दिल्ली का विकास किया है। इसे खराब मत होने देना। सीएम ने यहां तक कहा कि जिन लोगों ने लोकसभा में भाजपा-कांग्रेस या अन्य पार्टी को समर्थन दिया था, वे सभी इस बार आम आदमी पार्टी का समर्थन करें।
इस बार भाजपा, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि अपनी दिल्ली के नाम पर वोट पड़ने चाहिए। दिल्ली के 1.47 करोड़ मतदाता स्कूल, अस्पताल, बिजली और पानी के नाम पर वोट करें।
बुधवार को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से बादली, आदर्श नगर, गांधी नगर और कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को लामबंद करने के लिए रोड शो निकाला।
सुबह 11 बजे वे बादली से आप प्रत्याशी अजेश यादव के साथ खुली जीप में सवार होकर रोड शो कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अबकी बार दिल्ली का चुनाव सबसे अलग है। बीते पांच सालों के विकास को आगे ले जाना है तो किसी और पार्टी को सत्ता में लाना जनता के हित में ठीक नहीं है।
70 साल से लंबित कामों के लिए पांच साल कम : सीएम
दरअसल आम आदमी आदमी (आप) की रणनीति है कि चुनाव से पहले दिल्ली की 62 विधान सभाओं को अरविंद केजरीवाल अपने रोड शो कवर कर लें। आप के चुनावी थीम सांग ‘लगे रहो केजरीवाल’ की धुन पर शुरू हुए रोड शो के बीच केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में शहर के लोगों के लिए बहुत कुछ किया है।
केजरीवाल के मुताबिक, हमने दिल्ली के लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया ताकि उनका जीवन समृद्ध बने। हमने बिजली-पानी मुफ्त कर दिया, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर कीं। लेकिन 70 साल से लंबित काम पांच वर्ष में पूरा नहीं हो सकता। हमें और समय चाहिए। इसके बाद केजरीवाल आदर्श नगर विधानसभा में पहुंचे।
अब उनकी जीप पर पार्टी उम्मीदवार पवन शर्मा सवार हो गए। इसके साथ उनका पहली शिफ्ट का रोड शो खत्म हो गया। दूसरी शिफ्ट में दोपहर बाद केजरीवाल ने कृष्णा नगर व गांधी नगर में रोड शो किया। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि पहले दिन करीब बीस किमी का चक्कर लगाया। आगे केजरीवाल 62 विधानसभाओं को रोड शो से कवर करेंगे।
आप के 39 स्टार प्रचारक मांगेंगे वोट
आम आदमी पार्टी ने अपने स्टार कैंपेनर की लिस्ट चुनाव आयोग को सौंप दी है। पार्टी संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और संगीतकार विशाल डडलानी समेत इसमें 39 नेताओं के नाम हैं। सांसद संजय सिंह, एनडी गुप्ता, सुशील गुप्ता भगवंत सिंह मान, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और दिल्ली सरकार के सभी मंत्री बतौर आप के स्टार प्रचारक वोट मांगते नजर आएंगे। खास बात यह है कि पार्टी ने पिछले दिनों आप में शामिल हुए व मटिया महल से प्रत्याशी शोएब इकबाल का नाम भी इस लिस्ट में शामिल किया है। 39 में 18 नाम ऐसे हैं, जो विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।