युवती की आपबीती: शादीशुदा युवक दोस्ती कर आया करीब, फिर एक दिन बेहोश कर की दरिंदगी, झूठ बोलकर की कोर्ट मैरिज
मामले को लेकर मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद्र पंत का कहना है कि मामले सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विस्तार
खेतों में मजदूरी करने वाली डासना क्षेत्र निवासी एक युवती के साथ दोस्ती कर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया फिर समझौता कर शादीशुदा होने के बावजूद उसके साथ कोर्ट मैरिज कर ली। बाद में उसे घर से निकाल दिया। पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर युवती ने कोर्ट के आदेश पर मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती का कहना है कि वह खेतों में मजदूरी करती है। 2021 में उसकी मुलाकात डासना निवासी इस्लाम से हुई। कुछ दिन बाद इस्लाम काम दिलाने के बहाने अपने दोस्त की डेयरी पर ले गया। वहां बिरयानी में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। इस्लाम ने शिकायत करने की बात पर उनकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
मामले में समझौता कर शादीशुदा होने के बावजूद झूठ बोलकर उसने उनसे कोर्ट मैरिज कर ली और किराये के मकान में रखा। आरोप है कि वहां सास इदरीशन, देवर रिजवान और अकरम व देवरानी रिहाना उसके साथ मारपीट करते थे।
कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर मारने का किया प्रयास
युवती का आरोप है कि ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में इस्लाम उसे अपने दोस्त विकल यादव के यहां ले गया और वहां उसने उसके साथ मिलकर उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका गर्भपात हो गया।