योगेंद्र यादव ने ट्विटर पर किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शाजिया इल्मी, कैप्टन गोपीनाथ जैसे दिग्गज नेताओं के बाद अब आप के थिंक टैंग योगेंद्र यादव ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और पीएसी सदस्य योगेंद्र यादव ने हरियाणा में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यह कदम उठाया है।
हालांकि पार्टी के भीतर चल रही उठा पटक और अंदरूनी विवाद को भी इस इस्तीफे का बड़ा कारण माना जा रहा है।
तो इसलिए छोड़ना चाह रहे हैं पद
आप के दिग्गज नेता योगेंद्र यादव ने गुड़गांव लोकसभा में खुद की और पूरे हरियाणा में पार्टी की हार को कारण बताते हुए भले ही इस्तीफा दिया हो लेकिन अंदर की बात कुछ और ही है।
पार्टी नेता नवीन जयहिंद से विवाद के बाद योगेंद्र यह फैसला लिया है। योगेंद्र के इस्तीफे के पहले ही नवीन जयहिंद ने ट्विटर पर लिखा था कि अगर योगेंद्र यादव को इतनी ही परेशानी है तो वह अपना इस्तीफा देने को तैयार हैं।
सूत्रों के अनुसार, नवीन जयहिंद ने भी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
आप में बढ़ा झगड़ा
लोकसभा चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी के बीच का कलह उजागर हो गया है। शनिवार को पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले और पीएसी के सदस्य योंगेंद्र यादव ने नवीन जयहिंद से हुई तीखी बहस के बाद इस्तीफे की पेशकश की है।
हालांकि जानकारी के अनुसार आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। लेकिन इससे ये जग जाहिर हो गया कि आप में इन दिनों भीतरी कलह चरम पर है।
कुछ ही दिनों पहले पार्टी की प्रमुख नेत्री शाजिया इल्मी ने इसी झगड़े के चलते पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। साथ ही प्रमुख आप नेता कुमार विश्वास के भी पार्टी से नाराज होने की खबर है।
किस बात पर लड़ रहे हैं आप नेता?
ताज्जुब की बात है कि देश की राजनीति बदलने चली आम आदमी पार्टी एक लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद तेजी से बिखर रही है। पार्टी के प्रमुख नेता अहम पदों से इस्तीफा ही नहीं दे रहे हैं, बल्कि छोटी-छोटी बातों पर एक दूसरे तीखी बहस भी कर रहे हैं।
आपको बता दें आप की प्रमुख नेत्री शाजिया इल्मी को अरविंद केजरीवाल के जेल प्रकरण से समस्या थी। उन्होंने केजरी के जेल जाने को तमाशा बताया था। इसके बाद कुमार विश्वास ने उन्हें ताना मार दिया।
उधर, चुनाव के वक्त शाजिया इल्मी ने इस बात का कड़ा विरोध किया था कि पार्टी उन्हें जबरन बरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ाना चाहती थी। जबकि कुमार विश्वास ने पार्टी की अहम जिम्मेदारियों को नये हाथों में सौंपने विरोध जताया था। कुमार विश्वास का यह विरोध चांदनी चौक में टीवी पत्रकार से नेता बने आशुतोष को टिकट दिए जाने के बाद आया था।
योगेंद्र यादव ने दी सफाई
आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता योगेंद्र यादव का इस्तीफा पार्टी के लिए करारा झटका है। इस मामले में पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि हम पार्टी की नेशनल एक्जीक्यूटिव मीटिंग में इस बारे में चर्चा करेंगे।
संजय सिंह ने बताया कि योगेंद्र यादव का इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया है। वह अभी भी पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी योगेंद्र यादव और नवीन जयहिंद से बातचीत करेगी।
इस्तीफे के बाद योगेंद्र यादव ने खुद ट्विटर पर सफाई देते हुए कहा कि उनके पार्टी छोड़ने की खबरें अफवाह हैं। वह अभी भी पार्टी के साथ उसी मन से काम करने के लिए तत्पर हैं।
Rumours about my quitting AAP are baseless. I am very much with the party and committed to working for it harder than ever.
— Yogendra Yadav (@AapYogendra) May 31, 2014
एक और नेता छोड़ सकता है पार्टी
हालांकि आम आदमी पार्टी ने योगेंद्र यादव का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है लेकिन थिंक टैंक के इस्तीफे ने एक बार तो पूरी पार्टी को झकझोर दिया है।
लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद ऐसे संकेत मिलते रहे हैं कि कुमार विश्वास भी पाला बदलकर बीजेपी में जा सकते हैं।
उधर, शाजिया इल्मी पहले ही केजरीवाल पर तमाशा करने का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। शाजिया ने यह भी कहा था कि पार्टी रास्ते से भटक गई है इसे दोबारा संगठित करने की जरूरत है।