तिहाड़ पहुंचते ही हो गई रेप आरोपी शिव की पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में कैब में युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी बृहस्पतिवार देर शाम तिहाड़ जेल पहुंच गया। वहां पहुंचते ही कैदियों ने शिव कुमार यादव की पिटाई कर दी। हालांकि, तिहाड़ प्रशासन ने मारपीट की घटना से इनकार किया है।
जेल सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 6:30 पर शिव कुमार तिहाड़ पहुंचा। वहां कुछ कैदियों ने जेल की ड्योढ़ी पर और फिर जेल नंबर एक पहुंचने पर उसकी पिटाई की। जेल पहुंचने के बाद जब उससे पूछा गया कि किस थाने से किस मामले में जेल में आए हो तो उसने अपने ऊपर लगे आरोप के बारे में बताया। इसके बाद कैदियों ने पहचान लिया और जमकर पीटा।
सूत्रों का कहना है कि जेल पहुंचने के बाद पहली सुबह नए कैदियों को चक्कर पर बुलाया जाता है, जहां उनसे दोबारा आरोप के बारे में जानकारी ली जाती है। इसके बाद यहां भी दुष्कर्म के आरोपी की पिटाई होती है। उसके बाद उसे शौचालय साफ करने से लेकर जेल में झाड़ू लगाने के काम में लगा दिया जाता है।
दुष्कर्म के आरोपियों की होती है जमकर धुनाई
जेल संख्या एक में ब्लेडबाज बंदी और कैदियों में आपसी गुटबाजी बहुत ज्यादा है। लिहाजा ब्लेडबाज कैदियों से शिव कुमार को बचाना भी एक चुनौती है। पिछले दिनों जेल संख्या एक में ही गुटबाजी में करीब 50 कैदी घायल होकर अस्पताल पहुंचे थे।
हालांकि, 16 दिसंबर मामले के मुख्य आरोपी राम कुमार के आत्महत्या कर लेने की घटना के बाद तिहाड़ प्रशासन ऐसे मामलों में विशेष सतर्कता बरतता है। तिहाड़ सूत्रों का कहना है कि जेल में दुष्कर्म के आरोपियों पर अन्य कैदियों की नजरें टेढ़ी रहती हैं।
खासकर उन दुष्कर्म आरोपियों के साथ गंदा व्यवहार किया जाता है जो किसी नाबालिग से रेप के आरोप में जेल पहुंचते हैं। ऐसे कैदियों की जेल परिसर में जमकर पिटाई की जाती है।