गलत कॉल लगने से हुई दोस्ती तो युवती से होटल में किया रेप
नौकरी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने मथुरा के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया।
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक मथुरा का रहने वाला है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती मीना (बदला हुआ नाम, 24) संगम विहार में परिवार के साथ रहती है।
वह सनलाइट कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर के यहां काम करती थी। एक दिन गलत कॉल लगने से उसकी दीपक उर्फ राकेश नामक युवक से जान-पहचान हुई।
दीपक उसे नौकरी दिलवाने का झांसा देने लगा। दीपक ने दो महीने पहले नौकरी दिलवाने के बहाने सरायकाले खां स्थित एक गेस्ट हाउस में बुलाया। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती को बेहोश कर किया रेप
दीपक ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसके परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी उसे 25 सितंबर को मथुरा के कंचन पैलेस होटल में ले गया। यहां पर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।
उसने विरोध किया तो आरोपी मान गया। कुछ देर बाद आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और जब वह बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने इसकी शिकायत पहले संगम विहार थाने में दी थी। संगम विहार थाना पुलिस ने शिकायत सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस को भेज दी।
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्जकर आरोपी को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था। दीपक गली नंबर-दो, गांव कोसी कलां मथुरा उत्तरप्रदेश का रहने वाला है।