{"_id":"59665dac4f1c1b45048b45b0","slug":"woman-protest-for-flat-against-builders","type":"story","status":"publish","title_hn":" आशियाने के लिए मारामारी, हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आशियाने के लिए मारामारी, हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
Updated Wed, 12 Jul 2017 11:04 PM IST
विज्ञापन
इमारतें
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आशियाने के लिए बुधवार को मारामारी का माहौल रहा। रेलवे रोड स्थित सार्वजनिक सेवा केंद्र में चल रही आवेदन प्रक्रिया के दौरान घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया। महिलाओं ने आवेदन केंद्र पर ही हंगामा शुरू कर दिया। भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। इस बीच उमसभरी गर्मी के चलते तीन महिलाएं बेहोश हो गई, जिससे केंद्र के बाहर अफरातफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन
दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन श्रेणियों में आवेदन प्रक्रिया एक जून से जारी है। इस योजना के तहत देशभर में 51 लाख घरों का निर्माण 2022 तक होना है। इसके तहत कम ब्याज पर सब्सिडी के साथ होमलोन दिया जाएगा। महिलाओं के नाम से आवेदन अनिवार्य है। लाभार्थी परिवार के किसी सदस्य के पास पक्का मकान न होने की बाध्यता है। दो श्रेणी इडब्ल्यूएस और एलआईजी के तहत आवेदन प्रक्रिया चल रही है।
विज्ञापन
फरीदाबाद में तीन आवेदन केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश आवेदनकर्ता एक ही केंद्र पर पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था फैल रही है। बुधवार को नीलम रेलवे रोड स्थित सार्वजनिक सेवा केंद्र में बनाए गए आवेदन केंद्र में लगभग एक हजार आवेदनकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। व्यवस्था न होने के कारण आवेदनकर्ताओं के बीच मारामारी मच गई।
विज्ञापन
पहले आवेदन जमा करने के फेर में महिलाओं के बीच धक्कामुक्की हो गई। दूसरी ओर, तेज गर्मी के चलते तीन महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ी। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया। आननफानन में महिलाओं को अस्पताल भेजा गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिलाओं को समझाया। भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस के समझाने के बावजूद आवेदनकर्ता बेकाबू हो रहे थे। खासी मशक्कत के बाद पुलिस ने लाइन लगवाकर व्यवस्था को संभाला।
अतिरिक्त केंद्र खोला
हालांकि, नगर निगम ने बुधवार को भीड़ को कम करने के लिए सेक्टर-16 स्थित जनसुविधा केंद्र पर एक और केंद्र खोल दिया। इसके अलावा सेक्टर-21ए स्थित गोल्ड फिल्ड स्कूल के पीछे भी केेंद्र बनाया है। उसके बावजूद नीलम रेलवे रोड स्थित केंद्र पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे तक केंद्र के बाहर भीड़ रही।
22 हजार लोगों ने किया आवेदन
पीएम आवास योजना का लाभ उठाने के लिए बुधवार दोपहर तक 22 हजार लोगों ने आवेदन किया है। 15 जुलाई अंतिम तिथि तक यह संख्या 30 हजार के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। शहर में तीन स्थानों पर इन आवेदनों को लिया जा रहा है लेकिन नीलम रेलवे रोड के अलावा अन्य केंद्रों पर बहुत कम संख्या में आवेदन पहुंचे हैं।
यह दस्तावेज है जरूरी
आवेदन के दौरान राशनकार्ड, बैंक खाते की पासबुक, आधार कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी है। इसके अलावा एक शपथ पत्र भी देना होगा। योजना के तहत वही लोग लाभार्थी है जिनके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कोई पक्का मकान नहीं है।
पांच से दस रुपये में मिल रहा फॉर्म
आवेदन कर्ता को आवेदन पत्र 5 से 10 रुपये चुकाकर बाहर से खरीदना पड़ रहा है। किसी से पांच रुपये तो किसी से दस रुपये लिए जा रहे हैं। नगर निगम के पास आवेदन पत्र देने की कोई व्यवस्था नहीं है।