BMW कार ड्राइवर महिला गिरफ्तार: वित्त मंत्रालय के अधिकारी को कुचलने वाली गगनदीप करेगी खुलासा, अब तक ये पता चला
हादसे में गुरुग्राम हरियाणा निवासी गगनदीप और उसके पति परीक्षित मक्कड़ भी कार के पलटने से घायल हो गए थे। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
दिल्ली कैंट के धौलाकुआं इलाके में रविवार दोपहर बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आकर मृत भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में कार्यरत उप सचिव नवजोत सिंह के मामले में पुलिस ने कार चला रही महिला गगनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में गुरुग्राम हरियाणा निवासी गगनदीप और उसके पति परीक्षित मक्कड़ भी कार के पलटने से घायल हो गए थे। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर हादसे की वजहों के बारे में जानकारी हासिल करेगी।
Dhaula Kuan BMW accident case: The woman driver of the BMW car, Gaganpreet Kaur, aged 38 years, resident of Gurugram, Haryana, arrested by Delhi Police pic.twitter.com/GyWFYp6Dw7
— ANI (@ANI) September 15, 2025विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस के उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि पुलिस को रविवार दोपहर एक बजे धौला कुंआ पर हादसे की सूचना मिली। दिल्ली कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां एक बीएमडब्ल्यू कार सड़क पर तिरछी खड़ी देखी और एक बाइक मेट्रो पिलर संख्या 67 के पास सड़क के डिवाइडर के पास क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी।
22 किलो मीटर दूर ले गए अस्पताल
मौके पर पहुंची पुलिस को प्रत्यदर्शियों ने बताया कि बीएमडब्ल्यू कार एक महिला चला रही थी, जिसने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर वित्त मंत्रालय में उप सचिव नवजोत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों घायल हो गए। गुरुग्राम निवासी आरोपी महिला गगनदीप कौर और उसके पति परीक्षित कैब से घायल नवजोत सिंह और उनकी पत्नी को आसपास के अस्पताल के बजाय 22 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यू लाइफ अस्पताल ले गए।
चोट लगने के कारण नवजोत सिंह की मौत
डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ने ही पुलिस को बताया कि चोट लगने के कारण नवजोत सिंह की मौत हो गई। उनकी पत्नी के साथ ही आरोपी महिला और उसके पति घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक मौके पर मिली
पुलिस ने घटना स्थल के सीटीटीवी कैमरों की जांच की। इससे पता चला कि कार सेंट्रल वर्ज से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक एक बस से टकरा गई। पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक मौके पर मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।
हरिनगर में रहते थे नवजोत सिंह
पुलिस ने क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि नवजोत सिंह हरिनगर में रहते थे।
पुलिस का बयान सामने आया
दिल्ली पुलिस ने कहा कि धारा 281/125B/105/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान एफएसएल टीम और अपराध टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों बीएमडब्ल्यू और मोटरसाइकिल की भी जांच हो रही है।