{"_id":"dff9d1df57c15ad4d2d23339b3d66625","slug":"without-permission-no-work-till-loksabha-elections","type":"story","status":"publish","title_hn":"चुनावी मौसम है अब हर कदम पर लेनी पड़ेगी इजाजत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चुनावी मौसम है अब हर कदम पर लेनी पड़ेगी इजाजत
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Fri, 07 Mar 2014 03:19 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण अब चुनाव प्रचार के लिए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए अनुमति लेनी होगी। प्रचार में प्रयोग होने वाली गाड़ी के लिए भी इजाजत लेनी होगी।
विज्ञापन
गुड़गांव के उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने बताया कि लाउडस्पीकर बजाने के लिए अनुमति संबंधित एसडीएम देंगे, जबकि वाहन की अनुमति वह खुद देंगे। इसी तरह जनसभा के स्थलों की सूची तैयार की जा रही है।
विज्ञापन
कोई भी प्रत्याशी अथवा राजनीतिक दल संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) से पूर्व अनुमति लेकर जनसभा कर सकता है। प्रचार की सामग्री जैसे पोस्टर, होर्डिंग आदि भी जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जा सकते हैं। इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को विशेष अभियान
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र के सात स्थानों पर 7 और 8 मार्च को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को विशेष अभियान चलाया जाएगा। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि विशेष अभियान जामा मस्जिद सदर बाजार क्षेत्र के लिए बूथ नंबर 54 व 55, ईंदगाह राजीव चौक, राजीव कॉलोनी क्षेत्र के लिए बूथ नंबर 154 व 155, शीतला कॉलोनी मस्जिद वाला क्षेत्र के बूथ नंबर 38 से 42, पटौदी चौक क्षेत्र के बूथ नंबर 171 व 172, शांति नगर क्षेत्र के बूथ नंबर 163 से 165, सेक्टर-29 के क्षेत्र के लिए बूथ नंबर 228 और पायल सिनेमा सेक्टर-14 क्षेत्र के लिए बूथ नंबर 49 से 52 में चलेगा। यहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
चुनाव परिणाम आने तक निषेधाज्ञा
चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार से जिले निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके चलते बंदूक, तलवार, बरछा, भाला, लाठी, चाकू, साइकिल चेन तथा अन्य शस्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध होगा। जिलाधीश द्वारा जारी यह आदेश चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक लागू रहेगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा अन्य लोकसेवकों को इससे छूट होगी। सिख धर्म के प्रतीक के तौर पर कृपाण लेकर चलने वालों को भी इससे छूट होगी।
मतदाता सूची वेबसाइट पर
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियां जिला प्रशासन की वेबसाइट पर डाल दी गई हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति इन्हें चेक कर सकता है कि उसका वोटर आईकार्ड बना है कि नहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी शेखर विद्यार्थी ने बताया कि वैसे तो मतदाता सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा की वेबसाइट ceoharyana.nic.in पर उपलब्ध हैं, लेकिन जिलावासियों की सुविधा के लिए गुड़गांव जिले की मतदाता सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट gurgaon.gov.in पर भी अपलोड कर दी गई है।