क्रिसमस के दिन सड़क हादसे में खोया इकलौता बेटा, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मयूर विहार इलाके में क्रिसमस की मौज मस्ती के दौरान वैगनआर कार पलटने से स्टेट बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अमित एंड्रयूज (30) के रूप में हुई है।
कार सवार बाकी तीन युवकों को मामूली चोट आई हैं। पुलिस ने अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने कार चला रहे युवक बिबिन (27) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं क्रिसमस के दिन इकलौते बेटे की मौत के बाद अमित के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
कई बार पलटी कार
पुलिस के मुताबिक, अमित अपने परिवार के साथ 98 एफ, पॉकेट-ए-1, मयूर विहार फेज-3 में रहता था। इसके परिवार में पिता पीके एंड्रयूज और मां लिजी हैं। अमित एसबीआई में असिस्टेंट मैनेजर पद पर तमिलनाडु में तैनात था।
दो दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर क्रिसमस मनाने के लिए माता-पिता के पास दिल्ली आया था। रविवार रात को अपने दोस्त बिबिन व दो अन्यों के साथ वैगनआर कार से चर्च गया था। 12 बजे के बाद सभी कार से घूमने निकल गए।
इस बीच जैसे ही इनकी कार मयूर विहार स्थित होटल रेड फॉक्स के पास पहुंची। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कई कलाबाजियां खाने के बाद सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई।
देर रात करीब 2 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां अमित को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक कार बिबिन नामक युवक की है। हादसे के समय वह खुद ही कार चला रहा था। फिलहाल इस बात का पता लगाया जा रहा है कि कार चालक ने शराब पी थी या नहीं।