जब सिपाही का चढ़ा पारा तो थानेदार को खूब मारा
उत्तम नगर थाने में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सिपाही ने थाना प्रभारी की पिटाई कर दी। सिपाही अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। इस दौरान उसकी थाना प्रभारी से किसी बात पर कहासुनी हो गई।
थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। लेकिन थाना प्रभारी ने सिपाही और उसके दो दोस्तों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज करा दिया।
आरोपी सिपाही और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सचिन दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही तैनात है। उसकी तैनाती उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार थाने में है।
शनिवार सुबह सचिन अपने दो दोस्तों आनंद और पुष्पेंद्र के साथ बाइक से आ रहा था। तीन एक ही बाइक पर बैठे थे। इस दौरान द्वारका मोड़ पर पुलिसकर्मी ट्रैफिक चालान कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने सचिन का भी चालान कर दिया।
गलत चालान की शिकायत करने पहुंचे
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद सचिन उनकी शिकायत करने उत्तम नगर थाना पहुंचा। सचिन ने उत्तम नगर थाना प्रभारी भगवान सिंह को बताया कि पुलिसकर्मी गलत चालान कर रहे हैं।
उनके खिलाफ वह शिकायत दर्ज करवाना चाहता है। बातचीत के दौरान किसी बात पर सचिन का पारा चढ़ गया और भगवान सिंह से कहासुनी हो गई।
बात बढ़ते ही सचिन भगवान सिंह के साथ हाथापाई करने लगा और उनकी जमकर पिटाई कर डाली। पिटाई से भगवान सिंह के सिर में चोट लगी है। शोर शराबा होने पर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने सचिन को पकड़ा।
आला अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने सचिन और उसके दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पश्चिमी जिला के पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है।